








भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को जिले की तीन प्रमुख निकायों हनुमानगढ़, पीलीबंगा और गोलूवाला में मतदान संपन्न होगा। जिला प्रशासन और चुनाव प्रबंधन तंत्र ने स्वतंत्र, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को जिला मुख्यालय से सभी मतदान दलों को चुनाव सामग्री और ईवीएम के साथ संबंधित गंतव्यों के लिए रवाना किया गया। बूथों पर पहुंचे कार्मिकों ने मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं, सुरक्षा घेरे और तकनीकी जांच को अंतिम रूप दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है, ताकि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिले की तीनों निकायों में सुबह 7.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक मतदान प्रक्रिया जारी रहेगी। शाम तक कतार में खड़े सभी वैध मतदाताओं को वोट डालने का अवसर मिलेगा।
3 निकाय (हनुमानगढ़, पीलीबंगा, गोलूवाला) के कुल 120 वार्डों के 193 मतदान केंद्रों पर 1,78,275 मतदाता 500 उम्मीदवारों के भविष्य का निर्धारण करेंगे। मतदान का समय प्रातः 7.00 बजे से सायं 6.00 बजे तक रहेगा।
इन 120 वार्डों के कुल 1 लाख 78 हजार 275 मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर चुनावी मैदान में डटे 500 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य को तय करेंगे।
मतदान की पूर्व संध्या पर प्रत्याशियों और उनके सिपहसालारों की सक्रियता चरम पर पहुंच गई। देर रात तक प्रत्याशी और उनके करीबी कार्यकर्ता गली-मोहल्लों में सक्रिय नजर आए। मतदाताओं की नब्ज टटोलने और अंतिम समय में पासा अपने पक्ष में पलटने के लिए रणनीतिक बैठकों का दौर चलता रहा।
प्रत्याशियों ने अपने अधिकृत पोलिंग एजेंट्स के साथ विस्तृत बैठकें कर मतदान के दिन की रणनीति साझा की। एजेंट्स को निर्देश दिए गए कि वे सुबह मॉक पोल से लेकर शाम को वोटिंग सील होने तक मुस्तैदी से डटे रहें और हर मतदाता की आवाजाही पर पैनी नजर रखें। दूसरी ओर, कार्यकर्ताओं की टोलियां घर-घर जाकर वोटर पर्ची बांटने और मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट देने की भावुक मनुहार करने में जुटी रहीं।
इस बार के चुनावी समर में हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र सबसे अधिक चर्चा में है। यहां के 60 वार्डों में से अधिकांश में सीधा मुकाबला न होकर तिकोना संघर्ष बन चुका है। प्रमुख राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने बागी और मजबूत निर्दलीय उम्मीदवारों के उतरने से मुकाबला बेहद पेचीदा और कांटे का हो गया है। हर गली, चौराहे और राजनीतिक चौपाल पर केवल एक ही चर्चा है कि किस वार्ड में किसका पलड़ा भारी है। हालांकि, जातीय ध्रुवीकरण, स्थानीय मुद्दों और त्रिकोणीय समीकरणों के चलते कोई भी विश्लेषक स्पष्ट जीत-हार का दावा नहीं कर पा रहा है। जनता का रुख पूरी तरह से शांत और अप्रत्याशित बना हुआ है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस कड़े मुकाबले की वास्तविक दिशा और सीटों का सटीक समीकरण शुक्रवार शाम मतदान समाप्त होने और मत प्रतिशत के आंकड़े सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के 60 वार्डों में शांति बनाए रखने हेतु दो एडिशनल एसपी, दो डिप्टी एसपी और कई इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जंक्शन और टाउन क्षेत्र में 20 मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त कर हर गतिविधि पर नजर रखेंगी। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। चिन्हित 22 संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की विशेष तैनाती की गई है।
निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित कर शहर भर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे की सतत निगरानी की जा रही है। एसपी बी आदित्य स्वयं मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आचार संहिता के उल्लंघन, उपद्रव या किसी भी अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। एसपी ने आमजन से बिना किसी भय या दबाव के मतदान करने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।








