







भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगर परिषद की नवनिर्वाचित सभापति मंजू रणवां ने विधिवत पदभार ग्रहण करने के बाद शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर अपना स्पष्ट विजन साझा किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाना और वर्षों पुरानी जलभराव की गंभीर समस्या से नागरिकों को स्थाई राहत दिलाना उनके कार्यकाल की सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। पदभार संभालने के बाद ‘भटनेर पोस्ट डॉट कॉम’ से खास बातचीत में उन्होंने विश्वास दिलाया कि अगले मॉनसून की शुरुआत से पहले शहर को जलभराव की समस्या से मुक्त कराने के लिए ठोस कार्ययोजना के तहत काम शुरू किया जाएगा।
हनुमानगढ़ में हर साल बारिश के मौसम में सड़कों और कॉलोनियों में होने वाले जलभराव पर चिंता व्यक्त करते हुए सभापति मंजू रणवां ने कहा कि इस समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए जमीनी और तकनीकी दोनों स्तरों पर व्यापक काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद की पूरी टीम जल निकासी की प्राकृतिक और आधुनिक प्रणालियों का तकनीकी अध्ययन कराएगी। मुख्य नालों की सफाई, पानी के निकास के ढलान और जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों की पहचान कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा, ताकि बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों और रिहायशी बस्तियों में न ठहरे।
हाल ही में नगर परिषद सीमा में शामिल किए गए ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों के विकास को लेकर सभापति ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कोहला, 2 केएनजे, सतीपुरा और चक ज्वालासिंहवाला जैसे क्षेत्र जो पहली बार नगर परिषद के दायरे में आए हैं, वहां बुनियादी सुविधाओं का बुनियादी ढांचा तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में पक्की सड़कों, नालियों और समुचित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। नगर परिषद का प्रयास रहेगा कि योजनाबद्ध निर्माण कार्यों के जरिए इन क्षेत्रों का कायाकल्प हो और ये क्षेत्र सही मायनों में शहर का हिस्सा नजर आने लगें।
अपने कार्यकाल की चुनौतियों को स्वीकार करते हुए नवनिर्वाचित सभापति ने कहा कि शहर की अपेक्षाएं बड़ी हैं और यह सफर निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण होगा। लेकिन उन्हें ईश्वर की कृपा और जनता के असीम समर्थन पर पूरा भरोसा है। जनता के सहयोग से हर कठिन चुनौती का डटकर मुकाबला किया जाएगा। सभापति मंजू रणवां ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बीच नगर परिषद चुनाव में जनता ने जो अटूट विश्वास और समर्थन दिया है, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ‘टीम गणेशराज’ के प्रति शहरवासियों ने जो स्नेह, अपनत्व और भरोसा जताया है, उसके लिए उनका पूरा परिवार सदैव जनता का ऋणी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जनभावनाओं के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से शहर के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगी।







