सारा काम बंद कमरों में हो रहा, क्यों बोले पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ ?

राजेंद्र सिंघल. भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
सादुलशहर में कांग्रेस ने नगर पालिका के वार्डों के पुनर्गठन और परिसीमन की प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। नगर पालिका पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष छिंद्रपाल चावला की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जगदीश चंद्र जांगिड़ ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। सारा काम बंद कमरों में हो रहा है। प्रशासन पर सत्ताधारी नेताओं का पूरा दबाव है। जांगिड़ चेतावनी दी कि गलत और मनमाने तरीके से हो रहे पुनर्गठन और परिसीमन को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ ‘भटनेर पोस्ट डॉट कॉम’ से कहते हैं, ‘सादुलशहर नगर पालिका के 25 वार्डों के पुनर्गठन और परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है जिसमें नियम विरुद्ध प्रक्रिया में भौगोलिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी दरकिनार किया गया है। कांग्रेसजन, वार्ड पार्षद, पूर्व पार्षद एवं पूर्व में कांग्रेस के उम्मीदवार के रुप चुनाव लड़ चुके प्रत्येक व्यक्ति आपत्ति पत्र तैयार करने के लिए अपने-अपने वार्ड से आपत्ति एकत्रित कर सामूहिक रुप से आपत्ति दर्ज करवाएंगे। वार्डों के पुनर्गठन और परिसीमन में नियमों की अवहेलना की गई है।’


’एक प्रदेश एक चुनाव’ सरकार भयभीत
पूर्व विधायक जांगिड़ के मुताबिक, एक प्रदेश एक चुनाव के नाम पर अब सरकार भयभीत हो चुकी है। डेढ़ साल से चल रही पर्ची सरकार की उपलब्धि शून्य है। अब तो भाजपा की वरिष्ठ नेत्री पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने भी राजस्थान सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।


लालगढ़ जाटान नगर पालिका को तोड़ना गलत निर्णय
पूर्व विधायक जांगिड़ ने कहा कि सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गांव लालगढ़ जाटान को उनके प्रयासों से कांग्रेस के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नगर पालिका का दर्जा दिया था। 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्य पर पानी फेरते हुए भजन लाल सरकार ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से बिना राय मशवरा किए नगर पालिका को पुनः ग्राम पंचायत घोषित कर दिया। क्षेत्र के लोगों में भाजपा सरकार के खिलाफ कड़ा रोष देखा जा रहा है।
कांग्रेस दर्ज कराएगी आपत्तियां
पूर्व विधायक जांगिड़ ने बताया कि प्रशासन ने आपत्तियों के लिए 17 अप्रैल तक का समय दिया है। इस बीच, सादुलशहर शहर कांग्रेस अपनी आपत्तियां दर्ज करवाएगी। उन्होंने कहा कि बार-बार वार्ड परिसीमन होने से आमजन के पते में तब्दीली होती है जिससे बहुत से कार्य प्रभावित होते हैं। भाजपा नेता स्वार्थी बनकर वार्डों को मनमाने तरीके से टुकड़ों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं। जिला प्रशासन और नगर पालिका ने कांग्रेस की आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया तो कांग्रेस के कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष से मिलकर भी कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।
जनसंख्या के आधार का जिक्र नहीं
जगदीश चंद्र जांगिड़ ने बताया कि वार्डों के पुनर्गठन और परिसीमन भी जनसंख्या के आधार पर होना था, लेकिन 2011 के बाद जनगणना नहीं हुई है। उस वक्त की अनुमानित जनसंख्या क्या मानी गई? प्रशासन ने इसका जिक्र तक नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर मांगी जा रही आपत्तियों में खानापूर्ति की जा रही है। विस्तृत आपत्ति दर्ज करवाई जाएगी। इसके बावजूद भी जिला प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया तो कांग्रेसी रोड पर उतरेंगे और धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *