



भटनेर पोस्ट डेस्क
हनुमानगढ़ शहर में राजनीति के साथ आत्मीयता और उत्साह का दुर्लभ संगम देखने को मिला। जैसे ही हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी में मनोज बड़सीवाल को लगातार दूसरी बार महासचिव नियुक्त किए जाने की सूचना वार्डवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं तक पहुँची, नई खुंजा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। मोहल्लों में मिठाइयाँ बाँटी गईं, कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाइयाँ देते नजर आए। पगड़ी पहनाई गई, शॉल ओढ़ाई गई और फूल-मालाओं से मनोज बड़सीवाल का भव्य अभिनंदन किया गया। माहौल ऐसा था मानो यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे वार्ड और संगठन की सामूहिक उपलब्धि हो।

पूर्व प्रधानाध्यापक कमल भाटी ने कहा कि मनोज बड़सीवाल लंबे समय से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। वे केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर प्रशासन तक समस्याएँ पहुँचाने वाले जमीनी नेता हैं। आमजन की समस्याओं को लेकर उनकी सक्रियता और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि पार्टी ने उन पर लगातार तीसरी बार विश्वास जताया है।

सतपाल दामडी ने कहा कि मनोज बड़सीवाल एक सरल, मिलनसार और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं। वे हर सुख-दुख में वार्डवासियों के साथ खड़े रहते हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन ने उन्हें यह सम्मान दिलाया है। वहीं मामराज परिहार ने कहा कि यह नियुक्ति केवल मनोज बड़सीवाल के लिए नहीं, बल्कि पूरे वार्ड के लिए गर्व की बात है। इससे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है।
नवनियुक्त डीसीसी महासचिव मनोज बड़सीवाल ने वार्डवासियों, वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका निर्वहन वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। संगठन को मजबूत बनाना, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें अकेले नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और जनता के विश्वास से मिली है। भविष्य में भी वे संगठन की मजबूती, सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को केंद्र में रखकर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

इस अवसर पर सेवा निवृत्त प्रधानाध्यापक कमल भाटी, मामराज परिहार, सतपाल दामडी, डॉ. लाल सिंह चौहान, अर्जुन यादव, भूरा सिंह, बलराम सोनी, डॉ. बख्शीश सिंह रामगढ़िया, द्वारका राम घोड़ेला, हंसराज सोनी, रामस्वरूप शाक्या, गोर्वधन शर्मा, रामलाल वर्मा, रामकुमार सेतिया, मोहन वर्मा, रीशपाल झोरड़, चम्पा लाल चानन राम, डॉ. अशोक कुमार, विकास भारतीय, बलदेव सिंह रामगढ़िया, पास्टर विजय हँस, गुरजंट सिंह, करतार सिंह, पाला सिंह, आत्मा राम घोड़ेला, अमीचंद बिश्नोई, बलदेव सोनी, बलदेव सिंह, मिर्चू राम सांसी, सुखदेव सिंह, कृष्ण पेंटर, ईमीचंद, बलदेव शर्मा, लक्ष्मण सिंह, कृष्ण वर्मा, मुख्तयार सिंह, बजरंगी प्रसाद, जगदीश घोडेला, मेनपाल वर्मा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष सेतिया, राधेश्याम बड़सीवाल, सोनू सेतिया, विनोद शेखावत, शिवराज मान, प्रदीप कुमार, गगन गिल, करण नायक, सरोज खान, अल्ताफ खान, संदीप सांसी, संजय वर्मा, बिट्टू शर्मा, होकेश, मनजोत, पवन वर्मा, विजय कारगवाल, दिनेश सैन, कुलदीप बावरी, विजय सैन, अमन घोड़ेला, राम बाबू, फ़ौजी, शेरखान, सुमित कुमार, दिनेश किरोड़ीवाल, मनोज वर्मा सहित सैकड़ों वार्डवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि मनोज बड़सीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और जनहित के मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा। समूचा वातावरण उत्साह, एकजुटता और संगठनात्मक विश्वास से भरा नजर आया।





