



भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
जयपुर में आयोजित क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में राजस्थान उत्तर प्रान्त का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत विकास परिषद हनुमानगढ़ नगर इकाई की एस. आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन की प्रतिभाशाली टीम ने संगीत शिक्षक गुलशन अरोड़ा के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने हिन्दी समूहगान में प्रथम तथा संस्कृत समूहगान में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राजस्थान उत्तर प्रान्त को गौरवान्वित किया। साथ ही ओवरऑल क्षेत्र स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर नगर का मान बढ़ाया। टीम के हनुमानगढ़ लौटने पर जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों द्वारा राज्य एवं क्षेत्र स्तर पर इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। संगीत, संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़ी ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिकता की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि जयपुर में आयोजित क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी थीं। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रान्तों की टीमों के बीच कड़े मुकाबले में हनुमानगढ़ की टीम ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट संगीत प्रस्तुति से विशेष पहचान बनाई। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष ओम सिंह बिजारणियां, जिला समन्वयक कपिल कालड़ा, संरक्षक सुशील जैन, नगर अध्यक्ष अनिल कौशिक, सचिव अशोक सुथार, वित्त सचिव गौरव उपनेजा, राम निवास मांडण, पुष्पेंद्र सिंह एवं दीपक कटारिया उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से विद्यालय प्रतिनिधि लक्ष्य अरोड़ा, पंकज जांगिड़ एवं जितेंद्र कुमार, अध्यापिका पूजा पारीक एवं आरती शर्मा भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी विद्यार्थियों में जिया जुनेजा, हितैषी अरोड़ा, हर्षिता अग्रवाल, अपूर्वा ऐरी, नव्या भटेजा, जिया चमड़िया, दीक्षा सुथार एवं जैविका दादरी शामिल रहे।
प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिंदल ने कहा कि यह उपलब्धि राजस्थान उत्तर प्रान्त के सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक समर्पण, सहयोग एवं अथक प्रयासों का सुखद परिणाम है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाध्यापिका ननिता मोंगा, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं हनुमानगढ़ नगर इकाई को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां परिषद के संस्कार, संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति के मूल उद्देश्यों को सशक्त करती हैं।
नगर अध्यक्ष अनिल कौशिक ने कहा कि हनुमानगढ़ की टीम ने अपनी प्रतिभा एवं कठिन परिश्रम से पूरे प्रान्त का गौरव बढ़ाया है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, संगीत शिक्षक के मार्गदर्शन, विद्यालय के सहयोग एवं परिषद के कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
संगीत शिक्षक गुलशन अरोड़ा ने कहा कि विद्यार्थियों ने लंबे समय तक अनुशासन एवं समर्पण के साथ अभ्यास किया। हिन्दी में प्रथम एवं संस्कृत में द्वितीय स्थान प्राप्त करना पूरी टीम के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों, अभिभावकों एवं भारत विकास परिषद के निरंतर सहयोग को दिया।
अंत में भारत विकास परिषद नगर इकाई की ओर से सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन, संगीत शिक्षक एवं सहयोगी अध्यापकों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भारत विकास परिषद, नगर इकाई हनुमानगढ़ ने इस उपलब्धि को नगर के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गौरव में एक महत्वपूर्ण अध्याय बताया।






