





भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज का खेल ग्राउंड। कहीं बल्ले से निकलते चौकों-छक्कों की गूंज तो कहीं विकेट गिरने पर खिलाड़ियों का जोश। हर रन के साथ बढ़ती धड़कनें, हर शानदार शॉट पर तालियों से गूंजता मैदान और अपनी पसंदीदा टीम की जीत के लिए उत्साहित दर्शक। क्रिकेट के इस जुनून के बीच युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी गूंज रहा है। भटनेर किंग्स क्लब की ओर से आयोजित भटनेर प्रीमियर लीग-7 (बीपीएल-7) अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच रही है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन खेले गए छह मुकाबलों ने रोमांच को नई ऊंचाई दी। लेखराज एंड कपिल स्ट्राइकर्स, विशाल एंड सोनू फायरबर्ड्स और सतनाम एंड ऋषभ स्मैशर्स ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर खिताबी दौड़ को और दिलचस्प बना दिया। इस बार मैदान पर सिर्फ ट्रॉफी जीतने की होड़ नहीं, बल्कि ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ का सामाजिक संकल्प भी खिलाड़ियों और दर्शकों के उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इन तीनों टीमों पर टिकी हैं और हर किसी के मन में एक ही सवाल है, आखिर किस टीम के सिर सजेगा बीपीएल-7 का चमचमाता ताज? भटनेर किंग्स क्लब की आयोजित इस क्रिकेट महाकुंभ में खेल के साथ सामाजिक जागरूकता को भी प्रमुखता दी जा रही है। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ रखी गई है, जिसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, नशे से दूर रहने तथा सकारात्मक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन का पहला मुकाबला गिल्होत्रा एंड गौरव हॉक्स तथा कत्याल एंड संदीप रॉयल्स के बीच खेला गया। इसमें कत्याल एंड संदीप रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉक्स को 8 विकेट से पराजित किया। बेहतरीन खेल के लिए बलशेर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में इंद्र एंड सत्ती शार्क्स ने आशीष एंड सरपंच किंग्स को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में आर.डी. ग्रोवर को मैन ऑफ द मैच का सम्मान मिला।
तीसरे मुकाबले में लेखराज एंड कपिल स्ट्राइकर्स ने कुलभूषण एंड हरि वॉरियर्स के खिलाफ दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 39 रनों से जीत हासिल की। इस मुकाबले में टीनू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। स्ट्राइकर्स की इस जीत ने टीम के सेमीफाइनल अभियान को मजबूती प्रदान की।
चौथे मैच में विशाल एंड गोपाल वॉरियर्स ने महक एंड खुशनीत टाइगर्स को 6 विकेट से शिकस्त दी। पंकज शेखावत को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पांचवें मुकाबले में राज नंदा एंड करण हिमालयन टाइटंस ने सतनाम एंड ऋषभ स्मैशर्स के विरुद्ध 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में बादशाह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन के अंतिम मुकाबले में विशाल एंड सोनू फायरबर्ड्स तथा अनिल एंड प्रगट चीताज के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। फायरबर्ड्स ने शानदार खेल दिखाते हुए 18 रनों से मुकाबला अपने नाम किया। सोनू गजरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ फायरबर्ड्स ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
तीसरे दिन के मुकाबलों के बाद लेखराज एंड कपिल स्ट्राइकर्स, विशाल एंड सोनू फायरबर्ड्स तथा सतनाम एंड ऋषभ स्मैशर्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीन प्रमुख टीमें बनकर उभरी हैं। इन टीमों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को बेहद दिलचस्प बना दिया है। अब आने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों की रणनीति, बल्लेबाजी की धार और गेंदबाजी का कौशल खिताबी सफर तय करने में निर्णायक साबित होगा। क्रिकेट प्रेमियों में भी इस बात को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि बीपीएल-7 की ट्रॉफी आखिर कौन अपने नाम करेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगरिया से पार्षद प्रतिनिधि गजेंद्र दाधीच उपस्थित रहे। उन्होंने भटनेर किंग्स क्लब द्वारा आयोजित इस भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने परिवार, समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
गजेंद्र दाधीच ने कहा कि ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ जैसी थीम के साथ आयोजित प्रतियोगिता समाज में जागरूकता लाने की दिशा में सराहनीय पहल है। युवाओं को खेलों के माध्यम से सही दिशा देना आज के समय की आवश्यकता है।
भटनेर किंग्स क्लब के संरक्षक आशीष विजय ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करना और समाज में आपसी भाईचारे, एकता तथा जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ की थीम के माध्यम से क्लब यह संदेश देना चाहता है कि युवा अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और समाज सेवा में लगाएं। खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। क्लब भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा, जो युवाओं को समाज से जोड़ने और सामाजिक बदलाव की दिशा में प्रेरित करें।
कार्यक्रम में भटनेर किंग्स क्लब के संरक्षक आशीष विजय, अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल, कोषाध्यक्ष दारा सिंह, सतनाम सिंह, हरि चारण, कपिल गोयल, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, सतविंदर सिंह सत्ती, विशाल मुदगिल, विशाल छाबड़ा, लेखराज गिरधर, महक गर्ग, राज नंदा, गौरव बेनीवाल, प्रगट सिंह, अनिल नैन, खुशनीत सिंह, संदीप चौधरी, सोनू गजरा, मनप्रीत सिंह, शुभम कत्याल, गोपाल राम, इंद्र सिंधी, करण गर्ग एवं ऋषभ शर्मा सहित क्लब के अन्य सदस्य, टीम कप्तान और मेंटर्स उपस्थित रहे।
भटनेर प्रीमियर लीग-7 अब अपने निर्णायक दौर की ओर अग्रसर है। मैदान पर जीत के लिए संघर्ष जारी है, वहीं मैदान से बाहर नशा मुक्ति और युवा जागरूकता का संदेश भी लगातार मजबूत हो रहा है। ऐसे में आने वाले मुकाबले न केवल क्रिकेट के रोमांच से भरपूर होंगे, बल्कि यह भी तय करेंगे कि इस बार बीपीएल-7 की विजेता ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।





