



भटनेर पोस्ट डेस्क
हनुमानगढ़ जंक्शन में 13 अप्रैल को कांग्रेस सेवादल यूथ इकाई की बैठक में कुछ अलग ही जोश और जुनून देखने को मिला। कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की जिला कार्यकारिणी बैठक में जहां एक ओर युवाओं की भागीदारी ने माहौल को ऊर्जावान बनाया, वहीं वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने दिशा और दृष्टि दी। बैठक के मुख्य अतिथि रहे राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया और विशिष्ट अतिथि थे कांग्रेस नेता कृष्ण नेहरा। साथ ही, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद बुडानिया और हनुमानगढ़ विधानसभा अध्यक्ष संदीप सिहाग ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई।
यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष लोकेंद्र भाटी ने कहा कि देश के नव निर्माण में युवाओं की भूमिका ऐतिहासिक रही है और सेवादल यंग ब्रिगेड उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अभिमन्यु पूनिया को “यूथ आइकॉन” बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि आने वाले पंचायती चुनावों में यंग ब्रिगेड निर्णायक भूमिका निभाने को तैयार है।

विधायक अभिमन्यु पूनिया ने सेवादल को कांग्रेस की आत्मा बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव संगठन निर्माण में सेवादल की भूमिका को अहम माना है। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में पार्टी ने सेवादल के नेताओं को 3-4 टिकटें देकर यह दर्शा दिया था कि संगठन की भूमिका केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्णायक है। उन्होंने कहा कि सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक द्वारा किए गए नवाचार और कार्यक्रमों ने पूरे प्रदेश में एक मिसाल कायम की है। पूनिया ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब कांग्रेस न्याय और जनहित की बात करती है, तब भाजपा धार्मिक भावनाएं भड़काकर लोगों को गुमराह करने में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई साथी पंचायत या निकाय चुनाव लड़ना चाहता है, तो वह पूरी प्रतिबद्धता से टिकट दिलवाने का कार्य स्वयं करेंगे।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने गुजरात अधिवेशन में सेवादल की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ध्वजारोहण से लेकर व्यवस्था संचालन तक सेवादल की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने राहुल गांधी के दिए संदेश, ‘संघर्ष, समर्पण और संकल्प’ को जन-जन तक पहुंचाने का प्रण दोहराया। पारीक ने निकाय चुनावों में अग्रिम संगठनों और सेवादल के सभी साथियों को सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया, ताकि कांग्रेस की जीत सुनिश्चित की जा सके।
सम्मान और उत्साह का संगम
जनवरी से मार्च तक के कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें लोकेंद्र भाटी, करण विमल, यश चिलाना और शाहरुख रोडावाली (यंग ब्रिगेड) तथा अनिल तिवाड़ी, महेंद्र चतुर्वेदी, खुशी अमलानी (सेवादल) शामिल रहे। वहीं, सन्नी रैगर और रवि ने कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिससे संगठन को और मजबूती मिली। बैठक में सेवादल व यंग ब्रिगेड के अनेक सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से बंसी खन्ना, शिशुपाल लदोइया, राजेंद्र गोदारा, ओमप्रकाश बांगड़वा, आमिर खान, जयपाल गिरी, नानक सांसी, हेतराम भाटी के साथ-साथ अनूप चौधरी, कृष्ण स्वामी, पंकज सीरावता, विजय टाक, जगदीप रंगरा, नीतीराज राठौड़, अरुण कासनियां, सतनाम सिंह, मनोज सैन, दीपक मेघवाल, संदीप थिंद और राजदीप सिंह आदि प्रमुख हैं।



