सीएम भजनलाल का दिल्ली दौरा, राजनीतिक नियुक्तियों व संगठन में बदलाव पर मंथन

भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, और इस दौरे को राजनीतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली स्थित मुख्यालय केशव कुंज में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों से लगभग दो घंटे तक विस्तृत चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में राजस्थान में विभिन्न बोर्डों और निगमों में होने वाली नियुक्तियों के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी गहन मंथन हुआ। केशव कुंज में हुई इस मुलाक़ात को सिर्फ एक शिष्टाचार भेंट नहीं बल्कि संगठनात्मक विमर्श की दृष्टि से निर्णायक माना जा रहा है। राजस्थान में आगामी निकाय चुनावों और संगठनात्मक फेरबदल की संभावनाओं को देखते हुए यह बैठक विशेष रूप से अहम मानी जा रही है। संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई इस बैठक में सरकार-संगठन समन्वय, नीति क्रियान्वयन की गति, और जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई है।
केंद्रीय मंत्रियों से भी हो सकती है चर्चा
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से भी कई महत्वपूर्ण मुलाक़ातें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों का केंद्रबिंदु राजस्थान भाजपा की भावी रणनीति, संगठनात्मक पुनर्गठन, और वर्तमान में रिक्त पदों पर योग्य कार्यकर्ताओं की नियुक्ति को लेकर रहेगा। सूत्रों के अनुसार, जिन केंद्रीय नेताओं से मुख्यमंत्री की भेंट होनी है, उनमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के नाम प्रमुख हैं। हालांकि इन मुलाक़ातों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इन संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज़ है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीती रात को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की थी। इस भेंट को कोटा-बूंदी क्षेत्र की राजनीतिक समीकरणों और लोकसभा चुनाव 2024 की समीक्षा के संदर्भ में देखा जा रहा है। ओम बिरला और भजनलाल शर्मा के बीच लंबे समय से निकट संबंध हैं, और राजस्थान की राजनीति में दोनों नेताओं की भूमिका प्रभावशाली मानी जाती है।
भाजपा मुख्यालय में संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भेंट
मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की। यह बैठक लगभग 50 मिनट तक चली और इसे बेहद अहम माना जा रहा है। बैठक में राजस्थान भाजपा की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ता स्तर पर सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक ढांचे में बदलाव की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई है।
संभावित संगठनात्मक बदलावों की आहट
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे और वरिष्ठ नेताओं से लगातार हो रही मुलाक़ातों को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि राजस्थान भाजपा में शीघ्र ही कुछ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। साथ ही बोर्ड और निगमों में लम्बे समय से लंबित नियुक्तियों पर भी अब अंतिम निर्णय की संभावना बनती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *