


भटनेर पोस्ट डेस्क
डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में हनुमानगढ़ शहर में रविवार को एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल चिकित्सकों के सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक ठोस कदम भी माना जा रहा है। वॉकथॉन का आयोजन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हनुमानगढ़ एवं एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
वॉकथॉन की शुरुआत सुबह 6 बजे भारत माता चौक, हनुमानगढ़ टाउन से होगी। प्रतिभागी पैदल मार्च करते हुए सेंट्रल पार्क पहुंचेंगे, जहां कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। आईएमए के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एमपी शर्मा का कहना है कि यह वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास है कि स्वस्थ रहने का पहला मंत्र नियमित पैदल चलना है।
कार्यक्रम की थीम ‘एक स्वस्थ कल की ओर चलना’ रखी गई है। पोस्टर पर उकेरा गया संदेश, ‘हम चलते हैं क्योंकि आप हमें ठीक करते हैं’ इस आयोजन की भावना को साफ तौर पर दर्शाता है। डॉक्टरों के अथक परिश्रम, सेवा और करुणा को सम्मान देने के लिए यह वॉकथॉन एक सार्वजनिक धन्यवाद की तरह है।
वॉकथॉन के साथ-साथ सेंट्रल पार्क में निःशुल्क मधुमेह जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, सुबह 7.30 बजे तक यह जांच शिविर चलेगा। इसका उद्देश्य लोगों को मधुमेह जैसी गंभीर लेकिन नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी के प्रति जागरूक करना है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शुगर की समस्या तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में यह पहल समय की जरूरत मानी जा रही है।
इस आयोजन में रेड क्रॉस सोसायटी, महावीर इंटरनेशनल वीरा, रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विजन, पावर ऑफ पैडल्स साइक्लिंग ग्रुप और सेंट्रल पार्क फ्रेंड्स ग्रुप जैसे सामाजिक संगठन भी सहभागी बन रहे हैं। सभी संगठनों का उद्देश्य एक ही है, स्वस्थ समाज, जागरूक नागरिक और सम्मानित चिकित्सक। हनुमानगढ़ टाउन स्थित हिसारिया मार्केट के पास महावीर लेबोरेटरी इस आयोजन की प्रमुख सहयोगी है। आयोजकों का कहना है कि सामाजिक सरोकारों में निजी संस्थानों की भागीदारी से ऐसे कार्यक्रम और अधिक प्रभावी बनते हैं।
आयोजक संस्थाओं का मानना है कि डॉक्टर केवल रोग का इलाज नहीं करते, बल्कि समाज को जीवन जीने की दिशा भी दिखाते हैं। इस वॉकथॉन के जरिए शहरवासी यह संकल्प लेंगे कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहेंगे और डॉक्टरों के परामर्श को गंभीरता से अपनाएंगे।








