1000 महिलाओं को चुनाव में उतारने की तैयारी, जानिए… क्या है महिला स्वराज अभियान ?

image description

भटनेर पोस्ट पॉलिटिकल डेस्क.
राजस्थान में महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देने और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला स्वराज अभियान का आगाज हनुमानगढ़ से हुआ। अध्यक्षता राजस्थान की पहली इंदिरा फैलो पुष्पा पारीक ने की। अभियान का शुभारंभ शक्ति अभियान की राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर आसमा खान, दिवाकर सिंह राष्ट्रीय प्रभारी प्रशिक्षण सेल शक्ति अभियान, हनुमानगढ़ जिला प्रमुख कविता मेघवाल, सरपंच नवनीत कौर संधू व सरपंच रमनदीप कौर की मौजूदगी में किया गया।
पुष्पा पारीक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत और शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाना और उन्हें नेतृत्व के बराबर अवसर प्रदान करना है। वर्तमान में राजस्थान में 11,283 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 5,641 पंचायतों का नेतृत्व निर्वाचित महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। पारीक ने कहा कि महिला स्वराज अभियान का लक्ष्य 1000 महिलाओं को आगामी चुनावों में प्रत्याशी बनाकर उन्हें राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
शक्ति अभियान की राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर आसमा खान ने कहा कि महिला स्वराज अभियान चार प्रमुख बिंदुओं पर आधारित है। संभावित महिला प्रत्याशियों की पहचान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना, उन्हें चुनाव प्रक्रिया, नेतृत्व कौशल और नीति निर्माण में प्रशिक्षित करना, अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना और महिलाओं को संगठित करना, चुनावी प्रक्रिया के दौरान महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और मतदान के दिन उनकी मदद करना प्रमुख है।
जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस ही महिलाओं को पचास प्रतिशत राजनीतिक हिस्सेदारी दिला सकता है। आधी आबादी को उसका पूरा हक देने के लिए राजस्थान युवा कांग्रेस प्रतिबद्ध है। कविता मेघवाल ने कहा कि उनके जिला प्रमुख बनने से महिलाओं के नेतृत्व को मजबूती मिली है।


सरपंच नवनीत कौर संधू ने कहा कि पुष्पा पारीक राजस्थान की पहली इंदिरा फेलो होने के साथ साथ प्रदेश महासचिव भी है और साथ ही सुपर शक्ति शी की संभाग प्रभारी है इस कारण से उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है।
सरपंच रमनदीप कौर ने इस अभियान में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को न केवल राजनीतिक सशक्तिकरण देगी, बल्कि समाज में उनकी पहचान को भी मजबूत करेगी।
इस अवसर पर पार्षद प्रत्याशी, दीपा चतुर्वेदी, सुनीता तिवाड़ी, सुनीता खन्ना, चंद्रकांता अमलानी, शर्मिला जांगू ,गंगा, सुशीला, सुलोचना बावरी, प्रेम रानी ,अमनदीप कौर, तनु भट्ट, मीनू कक्कड़ आदि मौजूद थीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में महेंद्र चतुर्वेदी, खुशी अमलानी, बंसी खन्ना, अनिल तिवाड़ी, राज प्रकाश रोहिल्ला आदि का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *