





भटनेर पोस्ट डेस्क
हनुमानगढ़ में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित सेक्टर 4 के पार्क में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बनने जा रहा है। श्री सार्वजनिक नवयुवक समिति के तत्वावधान में 14 अगस्त से 24 घंटे के अखंड कीर्तन अष्टयाम महायज्ञ एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। समिति अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आयोजित होने वाला यह अखंड कीर्तन अष्टयाम महायज्ञ का 26वां वर्ष है। हर वर्ष जन सहयोग से धार्मिक आयोजन को भव्य रूप दिया जाता है। इस बार भी श्रद्धालुओं और समिति के सदस्यों की ओर से आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन के दौरान श्रद्धालु लगातार 24 घंटे भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के नाम का संकीर्तन करेंगे। इस दौरान ‘हरे राम हरे राम, राम-राम हरे-हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे’ षोडश मंत्र का अखंड कीर्तन किया जाएगा। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि लगातार होने वाले हरिनाम संकीर्तन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन जाता है और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। अष्टयाम यज्ञ में आसपास के श्रद्धालु भी शामिल होकर संकीर्तन में अपनी सहभागिता निभाएंगे। समिति की ओर से आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समिति अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 14 अगस्त को सुबह 9.15 बजे अखंड कीर्तन के साथ होगा। इसके बाद लगातार 24 घंटे षोडश मंत्र का संकीर्तन चलता रहेगा। समिति सदस्यों और श्रद्धालुओं की ओर से बारी-बारी से कीर्तन में सहभागिता की जाएगी। अखंड कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भगवान के नाम का जाप करते हुए आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखेंगे। समिति की ओर से क्षेत्रवासियों से भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।

अखंड कीर्तन का समापन 15 अगस्त को सुबह 11.15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और हवन यज्ञ के साथ होगा। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अष्टयाम महायज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। पूर्णाहुति के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री सार्वजनिक नवयुवक समिति के पदाधिकारी और सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद, उपाध्यक्ष दशरथ मौर्य, कोषाध्यक्ष रामशब्द गुप्ता सहित चंदन कुमार, मृत्यंजय सिंह, हरेंद्र प्रसाद, विजय सिंह, फूलचंद गुप्ता, आदित्य यादव, रामसकल गुप्ता और सत्येंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
समिति पदाधिकारियों के अनुसार, जन सहयोग से होने वाला यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक एकता और सामाजिक सहभागिता का भी उदाहरण है। 26 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के कारण हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का अष्टयाम महायज्ञ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है।







