




भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय ‘पंच गौरव भटनेर उत्सव-2026’ का शुक्रवार को उत्साह और जनजागरूकता के संदेश के साथ शुभारंभ हुआ। पहले दिन आयोजित 16 किलोमीटर लंबी ‘तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली’ ने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के संकल्प को नई ऊर्जा दी। सैकड़ों स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और नागरिकों ने तिरंगा हाथ में लेकर साइकिल चलाई और समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ प्रातः सेंट्रल पार्क, हनुमानगढ़ टाउन से हुआ। यह रेलवे स्टेशन, सलेमगढ़ मसानी एवं जीडीसी पटड़े होते हुए जीरो आरडी पहुंची, जहां समापन समारोह आयोजित किया गया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। तिरंगे की शान और साइकिलों का कारवां लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव स्वयं साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुए। उनकी धर्मपत्नी डॉ. सिमोन यादव ने भी साइकिल चलाकर युवाओं को फिटनेस, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। दोनों की सक्रिय भागीदारी ने प्रतिभागियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।
समापन अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि साइकिलिंग केवल एक खेल या शौक नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की प्रभावी शुरुआत है। इससे शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है, पर्यावरण प्रदूषण कम होता है और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा साहस की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे अभियान तभी सफल होंगे, जब समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित होगी।

रैली में अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद, सहायक निदेशक लोक सेवाएं डॉ. दिव्या, हनुमानगढ़ एसडीएम मांगीलाल सुथार, टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण, जिला परिषद सीईओ देशराज बिश्नोई, एनएमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामपाल अहरोदिया, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, जनप्रतिनिधि संजय शर्मा, संडे साइक्लिंग क्लब के सदस्य, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक शामिल हुए।

जिला प्रशासन के अनुसार 10 से 12 जुलाई तक आयोजित होने वाले ‘पंच गौरव भटनेर उत्सव-2026’ के अंतर्गत जिलेभर में सांस्कृतिक, खेल, साहित्यिक, सामाजिक तथा जनजागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जिला स्थापना दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना को मजबूत करना है।
इधर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एम.पी. शर्मा ने जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को पत्र लिखकर इस पहल की सराहना करते हुए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि साइकिल रैली का उद्देश्य अत्यंत सराहनीय है और यह स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता की दिशा में प्रभावी कदम है। डॉ. शर्मा ने सुझाव दिया कि हनुमानगढ़ में कई सक्रिय साइकिलिंग ग्रुप कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें कार्यक्रम की पूर्व सूचना नहीं मिल सकी। यदि ऐसे सभी संगठनों को समय पर आमंत्रित किया जाता तो प्रतिभागियों की संख्या कहीं अधिक होती और अभियान का प्रभाव भी व्यापक बनता। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर केवल एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं, बल्कि पूरे जिले की एक संस्था होते हैं। उनके एक आह्वान पर समाज के विभिन्न वर्ग, सामाजिक संगठन और स्वयंसेवी संस्थाएं एक मंच पर आ सकती हैं। भविष्य में यदि जिला प्रशासन सार्वजनिक अपील जारी कर विभिन्न संगठनों के अध्यक्षों एवं सचिवों को औपचारिक निमंत्रण भेजे, तो ऐसे आयोजन जनआंदोलन का स्वरूप ले सकते हैं।

डॉ. शर्मा ने यह भी कहा कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) देश का सबसे बड़ा चिकित्सक संगठन है और नशामुक्ति अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, फिटनेस तथा साइकिल रैली जैसे जनहित के प्रत्येक अभियान में जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने के लिए सदैव तैयार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि जिले के सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, औद्योगिक, व्यापारिक, युवा और सेवा संगठनों को एक साझा मंच पर जोड़ा जाए तो जनभागीदारी कई गुना बढ़ेगी और प्रशासन एवं समाज के बीच विश्वास और सहयोग की नई मिसाल स्थापित होगी। उनके अनुसार, जनसहभागिता ही किसी भी सामाजिक अभियान की सबसे बड़ी ताकत होती है और इसी से हनुमानगढ़ भविष्य में जनजागरण के प्रेरक मॉडल के रूप में पहचान बना सकता है।






