


भटनेर पोस्ट डेस्क
मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को मजबूत करने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में आनापान मेडिटेशन बाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और बच्चों ने पूरे उत्साह व अनुशासन के साथ भाग लेकर ध्यान साधना का अभ्यास किया।
शिविर में विपश्यना समिति जयपुर से आए साधक सौरभ देवनानी ने विद्यार्थियों को आनापान मेडिटेशन की विधि का अभ्यास करवाया। उन्होंने स्वाभाविक श्वास पर ध्यान केंद्रित करने के महत्व को सरल शब्दों में समझाते हुए बताया कि नियमित अभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है तथा तनाव, भय, घबराहट और मानसिक दबाव जैसी समस्याओं में कमी आती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे प्रतिदिन सुबह-शाम कुछ समय ध्यान के लिए अवश्य निकालें, क्योंकि मजबूत मन ही मजबूत भविष्य की नींव होता है।

सौरभ देवनानी ने बताया कि विद्यार्थी ‘आनापान फॉर यंग पीपल’ ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर नियमित अभ्यास के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप युवाओं के लिए ध्यान को आसान और व्यवस्थित बनाता है। कार्यक्रम के दौरान श्रीदेवी पॉलिटेक्निक स्टाफ नवजोत, लवप्रीत, ज्योति, प्रियंका, नेहा, हरमन सहित विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन और समर्पण के साथ मेडिटेशन सत्र में भाग लिया। शिविर के समापन पर उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर आयोजनकर्ता श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक के अकादमिक निदेशक आनंद जैन और प्राचार्य दिव्या ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।








