







भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले के 290 वार्डों में पार्षदों की जंग खत्म होते ही हनुमानगढ़ जिले की 8 नगरीय निकायों में अब असली सियासी परीक्षा शुरू हो गई है। अध्यक्ष पद के लिए 29 दावेदारों के 41 नामांकन ने साफ कर दिया है कि यह मुकाबला केवल दलों के आधिकारिक प्रत्याशियों के बीच नहीं, बल्कि पार्षदों की व्यक्तिगत निष्ठा, गुटीय समीकरण और भीतरघात की ताकत पर भी निर्भर करेगा। संगरिया में दावेदारों की लंबी कतार सबसे बड़ा सियासी पेच है, जबकि हनुमानगढ़ में चार महिला चेहरों के बीच मुकाबला प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। 18 सितंबर की नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ होगी, लेकिन 21 सितंबर का गुप्त मतदान ही सत्ता के वास्तविक समीकरण उजागर करेगा।
हनुमानगढ़ नगर परिषद में सभापति की कुर्सी पर काबिज होने के लिए 4 प्रमुख महिला प्रत्याशियों मंजू रणवां, तन्वी बेनीवाल, सुशीला खीचड़ और विनीता बतरा ने कुल 6 नामांकन दाखिल कर मुकाबले को चतुष्कोणीय बना दिया है। वहीं भादरा में भाजपा और इंडिया गठबंधन के बीच तिकाने संघर्ष के आसार हैं। भाजपा की ओर से मांगीलाल गोयल मैदान में हैं, तो इंडिया गठबंधन से नरेंद्र उर्फ लीडर और बलवंत सैनी ने ताल ठोककर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है। भादरा में कुल 3 प्रत्याशियों ने 4 पर्चे भरे हैं।
जिले में सबसे रोचक और कांटे का मुकाबला संगरिया नगरपालिका में देखने को मिल रहा है। यहां अध्यक्ष पद की दौड़ में सर्वाधिक 9 दावेदार ताल ठोक रहे हैं, जिन्होंने कुल 14 पर्चे भरे हैं। एक ही कुर्सी के लिए इतने दावेदारों के कूदने से राजनीतिक पंडितों के गणित उलझ गए हैं। संगरिया से चुनावी रण में रोशनी देवी बेनीवाल, डॉ. दिव्या चौधरी, पारूल माहेश्वरी, तेजिंद्र कौर सलवारा, सुमन शर्मा, निर्मला देवी, सुमन रानी, प्रिया जैन व इंद्रा देवी शामिल हैं। दावेदारों की इस लंबी फेहरिस्त ने साफ कर दिया है कि संगरिया का मुकाबला क्रॉस वोटिंग और भीतरघात के साये में तय होगा।
रावतसर में निर्दलीय व कांग्रेस से नीलम सहारण, कांग्रेस की शांति देवी व चांद बतरा समेत 3 प्रत्याशियों ने 6 नामांकन दाखिल किए हैं। पीलीबंगा में कांग्रेस पुरुषोत्तम दास, बीजेपी से अरिवंद कुमार, राकेश कुमार लीला व सुमन ने ने 4 नामांकन पत्र जमा किए हैं। नोहर में कांग्रेस से सुमित व भाजपा प्रत्याशी हाजन खातुन टाक सहित 2 उम्मीदवारों ने 2 पर्चे दाखिल किए। गोलूवाला में भाजपा के ताराचंद बावरी व कांग्रेस से भोलाराम सहित 2 उम्मीदवारों ने 2 नामांकन पत्र भरे हैं। टिब्बी में निर्दलीय भोला सिंह बाजीगर, कांग्रेस व निर्दलीय देवीलाल ने नामांकन पत्र दालिख किया है।
निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) करेंगे। इसके बाद 18 सितंबर की दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की मियाद तय की गई है, जहां बागी उम्मीदवारों को मनाने और नाम वापस करवाने के लिए राजनीतिक दलों के शीर्ष रणनीतिकार पूरी ताकत झोंकेंगे। यदि किसी निकाय में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति नहीं बनी, तो 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नव-निर्वाचित पार्षदों की बैठक बुलाकर गुप्त मतदान कराया जाएगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। अब देखना यह होगा कि 18 सितंबर को कौन मैदान छोड़ता है और 21 सितंबर को पार्षद किसके सिर जीत का सेहरा बांधते हैं।







