



भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगरपरिषद चुनाव को लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। वार्ड नंबर एक में भाजपा की ओर से दीपक खाती का नाम एक बार फिर प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। यद्यपि पार्टी स्तर पर प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी होना अभी बाकी है, लेकिन दीपक खाती की सशक्त दावेदारी से चुनावी मैदान में सक्रियता बढ़ गई है।
दीपक खाती ने वार्ड एक के अंतर्गत आने वाले प्रमुख रिहायशी क्षेत्र सिविल लाइंस में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और अपने पक्ष में समर्थन मांगा। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और विकास की प्राथमिकताओं पर अपनी बात रखी।
जनसंपर्क के दौरान दीपक खाती ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि वार्ड एक का एक बड़ा हिस्सा सिविल लाइंस क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद सिविल लाइंस का वर्तमान स्वरूप अपने नाम के अनुरूप विकसित और व्यवस्थित दिखाई नहीं देता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता इस क्षेत्र को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित पहचान दिलाना है।
दीपक खाती ने बताया कि क्षेत्रवासियों को लंबे समय से परेशान कर रही सीवरेज के गंदे पानी के भराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और स्वास्थ्यप्रद वातावरण मिल सके। पूरे सिविल लाइंस क्षेत्र को एक सुरक्षित आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। क्षेत्र की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से मुख्य प्रवेश द्वारों का निर्माण करवाया जाएगा तथा प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिससे असामाजिक तत्वों और आवागमन पर निगरानी रखी जा सके। सिविल लाइंस के साथ-साथ वार्ड के अन्य प्रमुख हिस्सों, विशेष रूप से धानमंडी क्षेत्र में भी आवश्यक नागरिक सुविधाएं, सफाई और आधारभूत ढांचा मजबूत करने पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दीपक खाती का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ है। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी के माध्यम से संगठनात्मक कार्यप्रणाली और जनमुद्दों को उठाने का लंबा अनुभव प्राप्त किया। इसके बाद वे मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय हुए और भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी पद की जिम्मेदारी संभाली। संगठन में संवाद और मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। खाती को वरिष्ठ भाजपा नेता अमित चौधरी का अत्यंत विश्वस्त माना जाता है।








