सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी का राजनीति में पदार्पण

भटनेर पोस्ट न्यूज. नई दिल्ली.
भाजपा की तेज तर्रार नेत्री रहीं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ने औपचारिक रूप से राजनीति में पदार्पण कर लिया है। भाजपा ने बांसुरी स्वराज को दिल्ली इकाई के कानूनी प्रकोष्ठ का सह-संयोजक नियुक्त किया है। बांसुरी स्वराज सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्णकालिक प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद प्रदेश इकाई में अपनी पहली नियुक्ति में स्वराज को कानूनी प्रकोष्ठ का सह-संयोजक नियुक्त किया। सचदेवा ने कहा कि स्वराज की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और उम्मीद है कि वह भाजपा को मजबूत करेंगी। स्वराज ने कहा कि वह पहले भी कानूनी मामलों में पार्टी की मदद करती रही हैं। स्वराज ने कहा, ‘‘बात बस इतनी है कि मुझे औपचारिक रूप से दिल्ली भाजपा के कानूनी विभाग की सह-संयोजक के रूप में अधिक सक्रिय रूप से पार्टी की सेवा करने का अवसर दिया गया है।’’ स्वराज ने अपनी नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भाजपा दिल्ली प्रदेश के विधि प्रकोष्ठ का प्रदेश सह-संयोजक के रूप में पार्टी की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, अमित शाह जी, जे पी नड्डा जी, बी एल संतोष, वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा की अत्यंत आभारी हूं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *