



भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगरपरिषद चुनाव पहली बार तिकोने संघर्ष में फंस रहा है। लंबे अरसे से कांग्रेस वर्सेज बीजेपी पर चुनाव केंद्रित रहता था। लेकिन इस बार कांग्रेस और बीजेपी की तुलना ज्यादा चर्चा निर्दलीय प्रत्याशियों की हो रही है। वजह साफ है, विधायक गणेशराज बंसल ने निर्दलीय बोर्ड बनाने का दावा किया है। कांग्रेस प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी के हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित आवास पर दो दिवसीय मुलाकात निर्धारित की गई है। इसके तहत कांग्रेस टिकट के संभावित दावेदार कांग्रेस नेताओं के समक्ष दावेदारी जताएंगे। इसके बाद पार्टी उचित निर्णय करेगी।
बीजेपी तैयारियों के मामले में कांग्रेस से पीछे नहीं है। पार्टी ने बहुत पहले चुनाव संचालन समिति का एलान कर दिया था। प्रभारी नियुक्त हो चुके हैं। इस मसले पर बैठकें हो चुकी हैं। आवेदन लिए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी पहली सूची का एलान कभी भी कर सकती है जबकि दूसरी सूची 27 अगस्त के बाद आएगी।

उधर, निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल तैयारियों में सबसे आगे हैं। उन्होंने खुद मोर्चा संभाल लिया है। पूरे 60 वार्डों में सर्वे करवाए गए हैं। उसी के आधार पर वे अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर रहे हैं। विधायक ने अब तक 60 में से 31 वार्डों में समर्थित प्रत्याशियों पर मुहर लगा दी है। हालांकि अधिकृत तौर पर अभी घोषणा नहीं हुई है लेकिन माना जा रहा है सोशल मीडिया पर वही लोग पोस्टर प्रसारित कर रहे हैं, जिन्हें विधायक की तरफ से झंडी मिल चुकी है। विधायक गणेशराज बंसल ने अपनी धर्मपत्नी संतोष बंसल और बेटी सोनू बंसल को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। संतोष बंसल वार्ड 17 व सोनू बंसल वार्ड 11 से प्रत्याशी होंगी।

वार्ड नंबर 1 से एडवोकेट मनजिंद्र सिंह लेघा को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया है। विधायक ने धानमंडी में उनकी उम्मीदवारी घोषित कर दी है। वार्ड 4 में गगन मान जबकि वार्ड 5 में मुकद्दर अली जोइया के नाम पर सहमति बनाई है। माना जा रहा था कि इस वार्ड से निवर्तमान पार्षद अब्दुल हाफिज को विधायक समर्थित उम्मीदवार बनाया जाएगा लेकिन सर्वे में कमजोर स्थिति सामने आने पर प्रत्याशी बदलने पर निर्णय किया जा रहा है। मुकददर जोइया पूर्व पार्षद मोहम्मद तुफैल के परिवार से हैं।
वार्ड 6 वीर कमल बलराज का चुनाव लड़ना तय है। वीर कमल खुद पार्षद रह चुकी हैं। उनके पति बलराज सिंह दानेवालिया बीजेपी छोड़कर जमींदारा पार्टी से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। फिर उनकी बीजेपी में वापसी हुई लेकिन बाद में वे बीजेपी छोड़ निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल के खेमे में चले गए।

वार्ड 7 से सुमित रणवां प्रत्याशी होंगे जबकि वार्ड 13 से उनकी धर्मपत्नी मंजू रणवां प्रत्याशी होंगी। सुमित रणवां विधायक के खास सिपहसालार माने जाते हैं। उनकी नजर एक बार फिर सभापति की कुर्सी पर है, जहां वे अपनी धर्मपत्नी मंजू रणवां को बिठाना चाहते हैं।
वार्ड 8 से सर्वजीत कौर व 9 से मदन बाघला को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। मदन बाघला पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप के करीबी रहे। फिर वे पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के खेमे में चले गए। बाद में वे निर्दलीय विधायक के करीबी बन गए। अब वे निर्दलीय गुट से चुनाव लड़ेंगे। वार्ड 10 से नवीन बाकोलिया के चुनाव लड़ने की चर्चा है। वार्ड 12 से डॉ. देवीलाल वर्मा, 15 से नारायणराम नायक के चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि 15 से ही पूर्व उप सभापति नगीना बाई का चुनाव लड़ना तय है।
वार्ड 16 से गुरदीप बब्बी गणेशराज गुट के उम्मीदवार होंगे। सबसे दिलचस्प खबर है कि वार्ड 18 से रेखा कुमारी निर्दलीय गुट की प्रत्याशी होंगी। रेखा कुमारी पूर्व उप सभापति कालूराम शर्मा की पुत्रवधू हैं। पिछले चुनाव में कालूराम शर्मा की धर्मपत्नी विधायक गणेशराज की पत्नी के सामने चुनाव हार गई थीं, बाद में बीमारी के कारण कालूराम शर्मा की पत्नी का देहांत हो गया था।
वार्ड 22 से संजोगता गोंद के चुनाव लड़ने की चर्चा है। संजोगता पूर्व पार्षद सुरेंद्र गोंद की पत्नी हैं। सुरेंद्र गोंद लंबे अरसे तक कांग्रेस में रहे। वार्ड 29 से कृष्ण स्वामी, वार्ड 31 से अजमेर सिंह बिल्लू, 32 से डोली नीरज सिघंल, 33 से प्रमिला सोनी, 37 से प्रेम मेघवाल, 40 से अमित मित्तल, 41 से ज्योत्सना अजय सिंगला, 44 से मुकेश भार्गव, 46 से सोनल आदित्य अग्रवाल, 48 से मोनिका गौतम स्वामी, 49 से सरजीत कौर, 50 से जगदीप सिंह विक्की, 52 से दीपक चुघ, 54 से लाजवंती अमलानी व 56 से कर्मजीत कौर ढिल्लो का विधायक गुट से लड़ने की चर्चा है।






