



भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
नगरीय निकाय चुनाव की तारीखें नजदीक आने के साथ ही हनुमानगढ़ जिले के आठ निकायों में पार्षद पद के संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर दावेदारी का दौर चल रहा है, वहीं संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन प्रक्रिया में किसी तरह की कमी न रह जाए, इसके लिए जरूरी दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए हैं। कई दावेदार मतदाता सूची, पहचान, आरक्षण, संपत्ति और अन्य आवश्यक कागजात तैयार कराने में जुटे हुए हैं।
नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सबसे पहले निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रारूप में फॉर्म की व्यवस्था करनी होगी। इसके साथ मतदाता पहचान पत्र की प्रति तथा मतदाता सूची में नाम और क्रमांक से संबंधित विवरण की छायाप्रति भी जरूरी बताई गई है। संभावित प्रत्याशी आधार कार्ड की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और जन्मदिन एवं आयु प्रमाण से संबंधित दस्तावेज भी तैयार कर रहे हैं।
आरक्षित वार्ड से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदारों के लिए जाति प्रमाण पत्र समेत आरक्षित सीट से संबंधित घोषणा पत्र और प्रमाण पत्र भी महत्वपूर्ण होंगे। इसके अलावा प्रत्याशी को अपनी संपत्ति, देनदारियों और आपराधिक मामलों से संबंधित जानकारी शपथ पत्र के माध्यम से प्रस्तुत करनी होगी। ऐसे में दावेदार इन दस्तावेजों को पहले से तैयार रखने में जुटे हैं, ताकि नामांकन के समय किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

नगर परिषद या नगरपालिका से टैक्स अथवा अन्य बकाया नहीं होने की जानकारी से संबंधित नो-ड्यूज एनओसी भी नामांकन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संभावित प्रत्याशी निकाय कार्यालयों में पहुंचकर इसकी व्यवस्था कर रहे हैं। इसके अलावा नामांकन के दौरान जमा की जाने वाली राशि की रसीद भी संभालकर रखना जरूरी होगा।
राजनीतिक दल के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वालों को पार्टी के सिंबल और अधिकृत प्रत्याशी होने से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी। प्रस्तावक से संबंधित मतदाता सूची का विवरण भी नामांकन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण रहेगा। वहीं चुनाव खर्च से संबंधित बैंक खाते का विवरण और निर्वाचन अधिकारी की ओर से मांगी गई पहचान संबंधी जानकारी भी तैयार रखनी होगी।

हनुमानगढ़ जिले में आठ निकायों में होने वाले चुनावों को लेकर संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। टिकट की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन दावेदारों ने अपनी ओर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। राजनीतिक दलों में नाम तय होने के बाद नामांकन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ेगी। ऐसे में दावेदारों का जोर अब सिर्फ टिकट हासिल करने पर नहीं, बल्कि नामांकन के लिए जरूरी कागजात समय रहते पूरे करने पर भी है। चुनावी मैदान में उतरने से पहले दस्तावेजों की यह तैयारी दावेदारों के लिए अहम मानी जा रही है।






