




भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट की दौड़ तेज हो गई है। रविवार को पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी के जंक्शन स्थित आवास पर कांग्रेस टिकट के दावेदारों का मेला लगा। सुबह से निर्धारित समय तक बड़ी संख्या में कांग्रेसजन अपने समर्थकों के साथ टिकट की दावेदारी पेश करने पहुंचे। इस दौरान उस समय राजनीतिक चर्चा तेज हो गई, जब निवर्तमान पार्षद अब्दुल हाफिज भी कांग्रेस टिकट मांगने पहुंच गए। अब्दुल हाफिज पिछला नगर निकाय चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीते थे, लेकिन बाद में निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल के खेमे में चले गए। विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान भी हाफिज को विधायक बंसल के साथ सक्रिय देखा गया था। बताया जा रहा है कि हाफिज खुद को वार्ड 5 से विधायक गुट का संभावित प्रत्याशी मान रहे थे। लेकिन सर्वे रिपोर्ट अनुकूल नहीं आने के बाद विधायक की ओर से मुकद्दर अली जोइया के नाम पर सहमति जताए जाने की चर्चा है। इसके बाद हाफिज ने एक बार फिर कांग्रेस की ओर रुख किया और भूपेंद्र चौधरी के आवास पर टिकट की दावेदारी पेश की।

कांग्रेस नेता के आवास पर हाफिज को टिकट मांगते देख पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो उन्होंने कांग्रेस में वापसी की बात कही। दिलचस्प यह रहा कि कांग्रेस टिकट की दावेदारी के दौरान भी उन्होंने विधायक गणेशराज बंसल की तारीफ की।
हाफिज ने कहा कि वार्ड के विकास के लिए वे गणेशराज बंसल के साथ गए थे। उनके अनुसार, जितना विकास कार्य पहले कभी नहीं हुआ, उतना पिछले पांच साल में हुआ है। हाफिज के इस बयान ने कांग्रेस के भीतर उनकी दावेदारी को लेकर नई राजनीतिक चर्चा छेड़ दी।

पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी से बगावत करने वाले नेताओं को टिकट दिए जाने के सवाल पर अपनी राय स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जो लोग कांग्रेस के साथ नहीं थे, उन्हें टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने इसे अपनी निजी राय बताते हुए अंतिम फैसला पार्टी पर छोड़ दिया। पूर्व मंत्री ने कहा कि पार्टी के साथ गद्दारी करने वालों को टिकट का ईनाम नहीं दिया जाना चाहिए। ऐसा होने से लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरता है। उन्होंने नगर निकाय चुनाव के बाद हनुमानगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा भी किया।

टिकट वितरण की प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, डीसीसी महासचिव गुरमीत सिंह चंदड़ा, ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ‘बेबी’, डीसीसी महामंत्री गुरदीप चहल सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी। पार्टी नेताओं ने एक स्वर में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के खिलाफ खड़े रहे लोगों को टिकट नहीं देने की मांग की। साथ ही ऐसे नेताओं को चुनाव में सबक सिखाने की बात कही।
शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जिनेंद्र जैन ‘बेबी’ ने ‘भटनेर पोस्ट डॉट कॉम’ से कहा, ‘रविवार को 30 वार्डों से करीब 85 लोगों ने टिकट के लिए दावेदारी प्रस्तुत की है। 24 अगस्त को टाउन क्षेत्र के वार्डों से टिकटार्थी दावेदारी पेश करेंगे। इसके बाद सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। कुछ वार्डों में दो तो कुछ में चार दावेदार हैं। पार्टी का प्रयास रहेगा कि अधिकतर वार्डों में एक नाम पर सहमति बने और कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हो।’
नगर निकाय चुनाव से पहले टिकट को लेकर कांग्रेस के भीतर जिस तरह पुराने रिश्ते, निष्ठा और राजनीतिक खेमेबंदी आमने-सामने आ रही है, उससे साफ है कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पार्टी के लिए आसान नहीं रहने वाली।








