


भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
विपक्ष को निशाचर कहना बीजेपी नेताओं के मानसिक दिवालियापन का उदाहरण है। विपक्ष को कोसना सत्तापक्ष का स्वभाव बन गया है जो किसी भी सूरत में उचित नहीं है बल्कि पूरी तरह गैरजिम्मेदाराना है। यह कहना है कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी का। हनुमानगढ़ प्रवास के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम राज्य मंत्री डॉ. रघुराज सिंह की ओर से विपक्ष को लेकर दिए गए विवादित बयान पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि सत्ता पक्ष धर्म की राजनीति कर रहा है। कांग्रेस ने कभी भी धर्म को राजनीति के साथ नहीं जोड़ा। कांग्रेस सभी धर्मों को मानने वाली पार्टी है। कांग्रेस ने हमेशा हर धर्म का सम्मान किया है। भाजपा प्रायोजित तरीके से अपने नेताओं के माध्यम से समय समय पर पूरे देश सांप्रद्रयिक सदभाव को बिगाड कर वोटो की राजनीति के लिए धुर्वीकरण करते हुए गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाना चाहता है। सत्ता पक्ष का धर्म होता है सभी जाति-धर्म के साथ समान रूप से व्यवहार करे।
दादरी ने कहा कि योगी सरकार के मंत्री डॉ. रघुराज सिंह को क्षेत्र के भाईचारे के बारे में नहीं पता। यूपी सरकार में मंत्री डॉ. अपनी इस तरह की टिप्पणी से इस भाईचारे व सौहार्द को बिगाडऩे का काम कर रहे हैं। ऐसी पार्टी के मंत्री को विपक्ष पर इस तरह की टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। उन्हें अपनी इस विवादास्पद टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।



