कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक की ऐतिहासिक ताजपोशी, कहा-दिखाएंगे ‘गांधीगिरी’

भटनेर पोस्ट पॉलिटिकल डेस्क.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में कांग्रेस सेवा दल के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक का शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक रहा। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। इस आयोजन ने कांग्रेस सेवा दल में नई ऊर्जा और जोश भरने का कार्य किया। मुख्य अतिथि श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद कुलदीप इंदौरा थे। अध्यक्षता राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया ने की। अन्य विशिष्ट अतिथियों में पीसीसी महासचिव फूल सिंह ओला, श्रीगंगानगर प्रभारी जिया उर रहमान, जोन प्रभारी कमल कल्ला, संभाग प्रभारी विमल भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर शामिल रहे। पीसीसी सदस्य भूपेंदर चौधरी, पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य, पंचायत समिति प्रधान इंद्र दयाराम जाखड़ पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, पूर्व सभापति अनिल खीचड़ ने भी शिरकत की। सभी अतिथियों ने अश्वनी पारीक के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

image description


कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस सेवा दल के ध्वज वंदन के साथ हुआ जो मुख्य अतिथि कुलदीप इंदौरा ने किया। इसके बाद राष्ट्रगीत वन्देमातरम हुआ। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आत्मिक शांति के लिए मौन धारण किया गया। यह आयोजन कांग्रेस सेवा दल की अनुशासन और परंपराओं को दर्शाता है।
श्रीगंगानगर प्रभारी जिया उर रहमान ने कहा कि अश्वनी पारीक का नाम कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं में शुमार है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया। यह शपथ ग्रहण समारोह साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी हर समर्पित कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर प्रदान करती है।


जिला प्रभारी फूलसिंह ओला ने कहा-‘सेवा दल देश का बल है। हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है कि वह अनुशासन के साथ पार्टी की नीतियों को मजबूत करे। अश्वनी पारीक जैसे निष्ठावान कार्यकर्ता पार्टी के आधार स्तंभ हैं।’
राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की नीतियां पूरी तरह से जनविरोधी हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, और आम जनता त्रस्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर पार्टी की रीति-नीति और सरकार की विफलताओं को उजागर करना चाहिए। युवा कांग्रेस और सेवादल अग्रिम संगठन है जो पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे और सता पक्ष को उखाड़ फेकेंगे। विधायक डूंगर राम गेदर ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का संगठन जितना मजबूत होगा, जनविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने में उतनी ही सफलता मिलेगी।


सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा-‘कांग्रेस सेवा दल का यह शपथ ग्रहण समारोह कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा भरने का काम कर रहा है। अश्वनी पारीक का समर्पण भाव पार्टी के प्रति अनुकरणीय है। यह समारोह दर्शाता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खड़े होने के लिए तैयार हैं। अश्वनी पारीक की निष्ठा और समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।’


कांग्रेस पार्टी ही सर्वोपरि: अश्वनी पारीक

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अश्वनी पारीक ने समारोह में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा-‘पार्टी मेरे लिए सर्वाेपरि है। मैंने हमेशा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी है। पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उसे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा। कार्यकर्ता से जिलाध्यक्ष तक का सफर बहुत कुछ सिखाता है। हमेशा हाथ के निशान लिए काम करने की सोच को ही पार्टी इतनी बड़ी जिम्मेदारी देती है।’ कार्यकर्ता से जिलाध्यक्ष तक के सफर में यह जाना कि मजबूत टीम तैयार करने के लिए पूरी टीम को वही सम्मान मिलना चाहिए जो जिलाध्यक्ष को मिले इस लिए आज के इस शपथ ग्रहण में उन्होंने जिलाध्यक्ष के रूप में अपने सेवादल की पूरी कार्यकारणी को अपने साथ मंच पर रखा।
काम करने वाले कार्यकर्ताओं को मिले जिम्मेदारी
पारीक ने कहाकि आने वाले निकाय और पंचायत चुनाव में सेवादल के कार्यकर्ता को टिकिट में हिस्सेदारी मिले तथा प्रत्येक बूथ पर सेवादल का कार्यकर्ता गांधी जी की टोपी और सफेद ड्रेस पहनकर जब बैठे तो लोगों में पार्टी के प्रति और समर्पण की जनभावना पैदा हो। पारीक ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले में अगर पार्टी मौका दे तो आने वाले समय में कांग्रेस का भवन प्रत्येक कार्यकर्ता के सहयोग से बन सकता है। कांग्रेस सेवा दल का हर कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनविरोधी नीतियों का विरोध करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए तत्पर है। और अब हनुमानगढ़ में सेवादल की नई ‘गांधीगिरी’ सभी को देखने को मिलेगी।


नई ऊर्जा का संचार: सुचित्रा
इस शपथ ग्रहण समारोह ने कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति यह साबित करती है कि कांग्रेस पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास और जोश अब भी मजबूत है। हनुमानगढ़ में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह ने यह संदेश दिया कि कांग्रेस पार्टी अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को न केवल पहचानती है, बल्कि उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपती है। इस आयोजन ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया और पार्टी के प्रति उनके समर्पण को और गहराई दी। पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष अश्वनी पारीक का यह शपथ ग्रहण समारोह कांग्रेस पार्टी के भीतर नई ऊर्जा का प्रतीक है। इसने यह दिखाया कि पार्टी का संगठन मजबूत करने और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं। अश्वनी पारीक की नियुक्ति से कांग्रेस सेवा दल को निश्चित ही नई दिशा और गति मिलेगी।
ये भी हुए शरीक
इस अवसर पर पीसीसी सचिव मनीष मक्कासर, सेवादल जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, धर्मेंद्र बजाज, उपाध्यक्ष अनिल तिवाड़ी, रिजवान खान, श्याम लाल शेखावाटी, इशाक मोहमद चयनन, खुशी अमलानी, राजेंद्र गोदारा, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गुरमीत चन्दड़ा, बलॉक अध्यक्ष संदीप सिद्धू, रामेश्वर चांवरिया , सरपंच रोहित स्वामी, जाकिर खान आदि ने भी शिरकत की। मंच संचालन कृष्ण नेहरा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *