





भटनेर पोस्ट डेस्क
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सिविल लाइन सामुदायिक भवन आज कुछ अलग ही रंग में था। मंच पर सजी मुस्कानें, कुर्सियों पर गर्व से बैठे अभिभावक, और तालियों की गूंज के बीच 65 होनहार युवाओं का आत्मविश्वास मानो हवा में तैर रहा था। शिक्षा, खेल और सरकारी सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को जब मंच पर बुलाया गया, तो हर नाम के साथ संघर्ष, अनुशासन और सपनों की एक कहानी भी चली आई। दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ यह समारोह उस परंपरा का उत्सव था जिसमें समाज अपनी अगली पीढ़ी को कंधे पर बैठाकर आगे बढ़ाता है, बिल्कुल वैसे ही, जैसे हमेशा से होता आया है।
समारोह में सांसद कुलदीप इंदौरा ने साफ शब्दों में कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज की असली पूंजी हैं और सच कहें तो बात बिल्कुल खरी थी। विधायक गणेशराज बंसल ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए सही दिशा और प्रोत्साहन की जरूरत पर जोर दिया। कुल मिलाकर माहौल ऐसा था कि मंच से उतरते हर सम्मानित युवा की चाल में आत्मविश्वास और आंखों में अगला लक्ष्य साफ दिख रहा थाकृऔर यही किसी भी समाज की सच्ची जीत होती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के डायरेक्टर तरुण विजय, समाजसेवी बनवारी लाल पारीक तथा पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल लाइन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मोहनलाल इंदलिया ने की।
सोसाइटी अध्यक्ष मोहनलाल इंदलिया ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज व राष्ट्र के लिए बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं। इंदलिया ने सामुदायिक भवन के विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए सांसद कुलदीप इंदौरा से सांसद कोष से सहयोग देने की भी अपील की।

मुख्य अतिथि सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने मेहनत और लगन से सफलता प्राप्त की है, वे अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। सांसद इंदौरा ने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही समाज की असली पूंजी हैं तथा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने सिविल लाइन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना भी की।

विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश का भविष्य हैं और यदि उन्हें सही दिशा व प्रोत्साहन मिले तो वे प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं। विधायक बंसल ने कहा कि समाज को शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के कार्यों में आगे आकर भागीदारी निभानी चाहिए।
बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया। वहीं समाजसेवी बनवारी लाल पारीक एवं पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा ने भी प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए समाज में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

समिति सचिव प्रेम सिंह राघव ने बताया कि समारोह में शिक्षा, खेल एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा राजकीय सेवाओं में चयनित कुल 65 प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सिविल लाइन क्षेत्र के निवासियों की ‘अंकुर निर्देशिका’ का भी अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सोसाइटी पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। समारोह का संचालन डॉ. संतोष राजपुरोहित एवं सतीश कुमार शर्मा द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया तथा पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
इस मौके पर समिति सहसचिव राजेश असीजा, कोषाध्यक्ष संदीप बिश्नोई, संगठन मंत्री महेंद्र गांधी, पूर्व अध्यक्ष बृजलाल मूंड, रामकुमार बिश्नोई, ओमप्रकाश थापन, कृष्ण चाहर, कान्हाराम सिद्ध, धर्मवीर मांझू, अश्वनी तरड़, श्योपत सिल्ला, बेगराज खाती, देवीलाल कालवा, मांगीलाल बिश्नोई, नायाब सिंघ सिधू, बलवीर सिंह बांदर, गुरदीप चहल, मनमोहन सोनी सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवम् महिलाएं मौजूद थे।










