



भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के अधीनस्थ तथास्तु द्वारा वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के सौजन्य से “क्रिएटर्स ऑफ भारत: ए मीटअप फॉर कंटेंट क्रिएटर्स एंड इन्फ्लुएंसर्स” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हनुमानगढ़ सहित बीकानेर संभाग के विभिन्न जिलों से आए 100 से अधिक कंटेंट क्रिएटर्स एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह बीकानेर संभाग का अपनी तरह का पहला आयोजन रहा, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में डिजिटल क्रिएटर्स एक मंच पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम के दौरान वाग्भट द्वारा ‘तथास्तु’ की औपचारिक लॉन्चिंग भी की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न कलाकारों एवं कंटेंट क्रिएटर्स ने अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया।
श्री गुरु गोविंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा, ‘आप सोशल मीडिया के हीरो हैं। आपने जिस प्रभावशाली तरीके से अपनी आवाज़ देशभर तक पहुंचाई है, वह आने वाले समय के नेतृत्व की क्षमता को दर्शाता है। यदि यह शक्ति सकारात्मक दिशा में कार्य करे तो समाज में बड़े बदलाव संभव हैं।’ उन्होंने कहा कि वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है और इस अभियान में कंटेंट क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 1980 के दशक से पहले लोगों का खानपान और जीवनशैली अधिक प्राकृतिक थी, जिसके कारण बीमारियां अपेक्षाकृत कम होती थीं, लेकिन बदलती जीवनशैली और असंतुलित खानपान के चलते आज अनेक स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने युवाओं से अपने भोजन, दिनचर्या और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि वाग्भट के अनुभवी चिकित्सकों के मार्गदर्शन से स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

इस अवसर पर उन्होंने एक विशेष घोषणा करते हुए बताया कि वाग्भट की वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स में से जिनके माध्यम से सर्वाधिक फॉलोअर्स जुड़ेंगे, उन्हें आकर्षक नकद पुरस्कार (कैश प्राइज) प्रदान किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और डिजिटल माध्यम से जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।

मुख्य अतिथि एएसपी अरविंद बिश्नोई ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया समाज को जागरूक करने का अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है। यदि कंटेंट क्रिएटर्स अपनी रचनात्मकता का उपयोग सकारात्मक संदेशों, सामाजिक सरोकारों और जनहित के विषयों के लिए करें तो वे लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने युवाओं से जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने और अपनी लोकप्रियता का उपयोग समाजहित में करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ साहित्यकार रूप सिंह राजपुरी ने कहा कि वे समय से आगे सोचने और कार्य करने वाली युवा शक्ति का स्वागत करते हैं। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि उनके कार्य में फूहड़ता या अश्लीलता का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। अधिक फॉलोअर्स पाने की होड़ में कई लोग अनुचित सामग्री प्रस्तुत करते हैं, जबकि समाज में ऐसे अनेक विषय हैं जिन पर सार्थक, प्रेरणादायक और जागरूकता फैलाने वाला कंटेंट तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोग कंटेंट क्रिएटर्स को अपना रोल मॉडल मानते हैं, इसलिए उनका पहनावा, व्यवहार और विचार सादगीपूर्ण एवं प्रेरणादायक होने चाहिए तथा ऐसा कंटेंट तैयार करना चाहिए जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर बिना किसी संकोच के देख सके।

वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के प्रशासक जयवीर सिंह ने बताया कि इस मीटअप का उद्देश्य क्षेत्र के डिजिटल क्रिएटर्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराना, उनके बीच संवाद स्थापित करना तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर सकारात्मक कंटेंट निर्माण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित कंटेंट क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को स्मृति चिन्ह एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अनिल जिज्ञासु ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।






