





भटनेर पोस्ट डेस्क
भगवा ध्वज, वैदिक मंत्रों की गूंज, धूप-दीप की सुगंध और श्रद्धालुओं की आस्था। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित परशुराम चौक पर कुछ ऐसा ही जीवंत दृश्य देखने को मिला। सर्व ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम में धर्म, परंपरा और सामाजिक एकता का सुंदर समन्वय नजर आया। श्रद्धालु सुबह से ही चौक पर एकत्र होने लगे और वातावरण भक्ति-भाव से सराबोर हो गया।
समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों शक्ति, ज्ञान और न्याय को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। समाज के वरिष्ठजनों ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान परशुराम के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में सक्षम हैं।

सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
पूजा-अर्चना के पश्चात परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज की विभिन्न विभूतियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान रघुवीर शर्मा, डॉ. भारत भूषण शर्मा, आशीष पारीक, कविता तिवारी, शांति प्रकाश बिस्सा, नरेश पुरोहित, गोपाल शर्मा एवं एडवोकेट मनोज शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह तालियों की गड़गड़ाहट के बीच गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

सम्मानित अतिथियों ने समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। शिक्षा, संस्कार और आपसी सहयोग से ही समाज को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई, वहीं युवाओं ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर रघुवीर शर्मा, ओम प्रकाश शास्त्री, जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा, अशोक व्यास, डॉ भारत भूषण शर्मा, आशीष पारीक, सचिन कौशिक, नीपेन शर्मा, हरिमोहन महर्षि, कालूराम शर्मा, एडवोकेट मनोज शर्मा, गिरिराज शर्मा, राजस्थान ब्राह्मण महासभा जिलाध्यक्ष प्रदीप ऐरी, पवन कुमार शर्मा, चंद्रभान तिवारी, पंडित दीपक शर्मा, सुबोध शर्मा, कृष्ण कुमार जोशी, बनवारीलाल पारीक, सूर्य प्रकाश जोशी, राकेश जोशी, एडवोकेट ओमप्रकाश वशिष्ठ, इंदु तिवारी, प्रवीण तिवारी, पंडित ओम प्रकाश शास्त्री, एडवोकेट दिनेश दाधीच, पुरुषोत्तम कौशिक, विकास शर्मा महेंद्र शर्मा, शांति प्रकाश बिस्सा, नरेश पुरोहित गोपाल शर्मा, इंद्रजीत शर्मा, मुकेश महर्षि, महेश शर्मा, कविता तिवारी, चिरंजी लाल शर्मा, एडवोकेट मनोज शर्मा करणी नगर, भवानी शंकर शर्मा, चंद्र प्रकाश जोशी, तारादत शर्मा, अजय शर्मा, झमनलाल शर्मा, हरिओम शर्मा, मूलचंद शर्मा, प्रवीण शर्मा, विजय शर्मा श्रीप्रकाश शर्मा, एडवोकेट हिमांशु शर्मा, पंडित रतनलाल शास्त्री, हेमंत जौल, लोकराज शर्मा, गोपाल शर्मा टाउन, भारत भूषण कौशिक ,रवि दाधीच, सुधीर शर्मा, नरेश शर्मा, संजय शर्मा, पंडित हेमराज शर्मा, पंडित भानु देव शास्त्री, पंडित ईश्वर कौशिक, मोहन पारीक, विकास भनोत, राजू भनोत, देवेंद्र शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, बजरंग लाल गौड़, विकास शर्मा, विनोद शर्मा, लोकेश शर्मा सहित काफी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना पंडित मनोज शास्त्री, पंडित हेमराज शर्मा, ओमप्रकाश शास्त्री एवं भानु प्रकाश शास्त्री के सानिध्य में हुई।







