




भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
एक तरफ एसआईआर के समर्थन में दलीलें थीं तो दूसरी तरफ इसके संभावित दुष्परिणामों को लेकर सवाल। किसी ने मतदाता सूची की शुचिता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया तो किसी ने सवाल उठाया कि इस प्रक्रिया में यदि एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से कट गया तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी? संविधान दिवस के मौके पर शहीद स्मारक, हनुमानगढ़ टाउन में लोकतंत्र से जुड़े इसी ज्वलंत सवाल पर युवाओं ने अपने तर्कों, तथ्यों और विचारों से माहौल को जीवंत बना दिया। यहां राजनीतिक दलों के आरोप-प्रत्यारोप से अलग संवैधानिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर विमर्श हो रहा था। खास बात यह रही कि बहस के अंत में पक्ष और विपक्ष के प्रतिभागी एक साझा निष्कर्ष पर पहुंचे कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर लोकतंत्र की शुचिता को मजबूत करने का माध्यम हो सकता है, बशर्ते इसकी पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो और कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
नागरिक सुरक्षा मंच की ओर से आयोजित जिला स्तरीय सार्वजनिक वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं वैचारिक विमर्श ने संविधान दिवस को एक सार्थक वैचारिक आयोजन में बदल दिया। ‘मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर भारतीय लोकतंत्र की शुचिता को मजबूत करता है?’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के साथ पंजाब के बठिंडा सहित अन्य क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुल 28 प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखे।
युवाओं में संवैधानिक समझ विकसित करना जरूरी: शंकर सोनी
नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक एडवोकेट शंकर सोनी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने या सरकार चुनने तक सीमित नहीं है। लोकतंत्र को जीवंत और सजग बनाए रखने के लिए नागरिकों का जागरूक होना और संवैधानिक प्रक्रियाओं को समझना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से युवाओं को समसामयिक मुद्दों का गंभीरता से अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे किसी राजनीतिक विचार या प्रचार से प्रभावित होने के बजाय तथ्यों और तर्कों के आधार पर अपनी राय बना सकें। उन्होंने कहा कि एसआईआर आज देशभर में चर्चा और बहस का विषय बना हुआ है। एक तरफ विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है तो दूसरी तरफ सत्तापक्ष चुनाव आयोग के बचाव में खड़ा है। ऐसे माहौल में जरूरी था कि इस विषय को राजनीतिक नजरिए से हटाकर संवैधानिक और अकादमिक दृष्टिकोण से देखा जाए। इसी उद्देश्य से संविधान दिवस पर एसआईआर को लेकर सार्वजनिक वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के साथ दूसरे राज्य के विद्यार्थियों की भागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया।
अतिथियों ने बताया लोकतंत्र में संवाद का महत्व
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईजी गिरीश चावला ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक नागरिक और स्वतंत्र विचार हैं। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति को दबाने के बजाय उसे सुनने और समझने की परंपरा विकसित होनी चाहिए। वाद-विवाद प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी बात तर्कों के साथ रखने, दूसरे के विचारों को सुनने और तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष तक पहुंचने का अवसर देती हैं। एसआईआर जैसे संवेदनशील विषय पर युवाओं की भागीदारी इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी लोकतंत्र की प्रक्रियाओं और अपने अधिकारों को लेकर सजग हो रही है।
पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमरचंद सिंघल ने कहा कि संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादाओं का आधार है। मताधिकार नागरिक का महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है। मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना निष्पक्ष निर्वाचन के लिए आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी पात्र नागरिक के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही का विशेष महत्व है। युवाओं को ऐसे विषयों पर अध्ययन और विमर्श के जरिए अपनी संवैधानिक समझ विकसित करनी चाहिए। कार्यक्रम में शिक्षाविद् सुचित्रा जैन ने भी निर्णायक की भूमिका निभाई। तीनों निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विचारों, विषय की समझ, तथ्यों की प्रस्तुति और तर्कों के आधार पर मूल्यांकन किया।
बठिंडा की रेखा सैन प्रथम, हितेषी गौड़ द्वितीय
प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें एसकेडी विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन, टांटिया विश्वविद्यालय, श्रीगंगानगर, श्री रूपराम स्वामी लॉ कॉलेज, नोहर, नेहरू छाबड़ा लॉ कॉलेज, हनुमानगढ़ टाउन, बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन, राजकीय कन्या महाविद्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन तथा गुरु काशी यूनिवर्सिटी, तलवंडी साबो (बठिंडा) के प्रतिभागी शामिल थे। प्रतियोगिता में गुरु काशी यूनिवर्सिटी, तलवंडी साबो (बठिंडा) की छात्रा रेखा सैन ने प्रथम स्थान हासिल किया। टांटिया विश्वविद्यालय, श्रीगंगानगर की हितेषी गौड़ द्वितीय और बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन की पारुल मूंड तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 5100 रुपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3100 रुपए और तृतीय पुरस्कार के रूप में 2100 रुपए प्रदान किए गए। आयोजन में प्रतिभागियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। हनुमानगढ़ के प्रत्येक प्रतिभागी को 200 रुपए और बाहर से आने वाले विद्यार्थियों को 500 रुपए आवागमन व्यय दिया गया।
निष्कर्ष: पुनरीक्षण हो, लेकिन किसी का मताधिकार न छिने
प्रतियोगिता की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि इसका साझा निष्कर्ष रहा। सभी प्रतिभागी इस बात पर सहमत नजर आए कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण भारतीय लोकतंत्र की शुचिता को मजबूत करने की दिशा में उपयोगी कदम हो सकता है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटने के कारण उसे मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
प्रतिभागियों ने एक महत्वपूर्ण सुझाव यह भी दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा हटाने के निर्णय के विरुद्ध प्रस्तुत अपीलों का निस्तारण होने के बाद ही अंतिम मतदाता सूची जारी की जानी चाहिए। अपीलों के परिणामों को ध्यान में रखते हुए अंतिम सूची तैयार हो और उसी के आधार पर निर्वाचन कराया जाए। उनका मानना था कि ऐसा करने से मतदाता सूची की विश्वसनीयता बढ़ेगी और किसी भी पात्र नागरिक के साथ अन्याय की आशंका कम होगी।
कुल मिलाकर, संविधान दिवस पर नागरिक सुरक्षा मंच की यह पहल केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रही। इसने युवाओं को राजनीतिक शोरगुल से इतर लोकतंत्र की बुनियादी चुनौतियों पर सोचने और अपनी राय बनाने का मंच दिया। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव आयोग, राजनीतिक दलों या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए जागरूक नागरिक, सजग युवा और सवाल पूछने की स्वतंत्रता भी उतनी ही जरूरी है। संविधान की असली ताकत भी इसी में है कि उस पर बहस हो, उसके मूल्यों को समझा जाए और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज अपनी आवाज बुलंद करे।






