








संगरिया से सतीश गर्ग
संगरिया नगरपालिका में अध्यक्ष पद के निर्वाचन के बाद अब उपाध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया भी पूरी हो गई। कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुए मतदान में पारुल माहेश्वरी ने जीत हासिल कर उपाध्यक्ष पद की कुर्सी संभाली। पारुल माहेश्वरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी साहिल स्वामी को 7 मतों के अंतर से पराजित किया। इसके साथ ही नगरपालिका के नए बोर्ड के गठन का महत्वपूर्ण चरण आधिकारिक तौर पर पूरा हो गया।
उपाध्यक्ष पद के लिए चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत में कुल चार प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें साहिल स्वामी के प्रस्तावक ओमप्रकाश स्वामी, पारुल माहेश्वरी की प्रस्तावक अनिता करवा, निर्मला वर्मा के प्रस्तावक अनिल भोभिया तथा तनवीर अहमद की प्रस्तावक मनीषा गोयल रहीं। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने तक अन्य दो प्रत्याशियों द्वारा अपने नाम वापस ले लिए जाने के बाद मुकाबला पारुल माहेश्वरी और साहिल स्वामी के बीच सीधा तय हुआ।
निर्धारित समय पर पार्षदों द्वारा मतदान किया गया। मतदान संपन्न होते ही रिटर्निंग अधिकारी जय कौशिक की निगरानी में मतगणना शुरू हुई। उपाध्यक्ष पद के लिए कुल 34 मत पड़े। मतगणना के उपरांत घोषित परिणामों में पारुल माहेश्वरी को 20 मत प्राप्त हुए, जबकि साहिल स्वामी को 13 मतों से संतोष करना पड़ा। मतदान प्रक्रिया के दौरान 1 मत निरस्त (खारिज) पाया गया। इस प्रकार पारुल माहेश्वरी को 7 मतों के स्पष्ट अंतर से विजयी घोषित किया गया।
पारुल माहेश्वरी के निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। पालिका परिसर के बाहर और शहर के मुख्य मार्गों पर समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया। इससे पूर्व सुमन सोनी के अध्यक्ष पद पर आसीन होने और अब उपाध्यक्ष पद पर पारुल माहेश्वरी की जीत से खेमे में दोगुना उत्साह देखा गया।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के परिणामों के बाद विधायक अभिमन्यु पूनिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव सोनी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिद्धू के निवास स्थान पर एकत्र हुए। वहां जीत का जोरदार स्वागत किया गया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमन सोनी और नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष पारुल माहेश्वरी को माला पहनाकर बधाई दी। समर्थकों ने शहर के विकास की नई दिशा तय होने की उम्मीद जताई।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी (एसडीएम) जय कौशिक और सहायक रिटर्निंग अधिकारी मोनिका बंसल ने बताया कि उपाध्यक्ष पद के परिणाम की घोषणा के साथ ही नगरपालिका की संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई है।
अधिकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में जुटे सभी प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल, मीडिया कर्मियों और शहर की जनता का शांति व सहयोग बनाए रखने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और शहरवासियों ने इसमें सक्रिय सहयोग देकर इसे सफल बनाया। प्रशासन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों को उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।






