







संगरिया से सतीश गर्ग
संगरिया नगरपालिका अध्यक्ष पद के बहुप्रतीक्षित चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहरा दिया है। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सुमन सोनी पत्नी संजीव सोनी ने 16 मतों के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी रोशनी देवी बेनीवाल को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। संगरिया के स्थानीय राजनीतिक परिदृश्य में यह जीत बेहद खास मानी जा रही है, क्योंकि यहां कांग्रेस ने सुनियोजित रणनीति और कुशल तालमेल के जरिए निर्दलीयों और समर्थक पार्षदों को एकजुट रख बोर्ड बनाने में पूर्ण सफलता हासिल की।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए मैदान में कुल तीन उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रही थीं। इनमें सुमन सोनी, रोशनी देवी बेनीवाल और तेजेंद्र कौर सलवारा शामिल थीं। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद जब मतों की गिनती शुरू हुई, तो परिणाम पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा नजर आया। सुमन सोनी (कांग्रेस) 25 मत, रोशनी देवी बेनीवाल 9 मत व तेजेंद्र कौर सलवारा को एक वोट भी नहीं मिला। वार्ड संख्या 12 की पार्षद राजरानी ने इस पूरी मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लिया और मतदान से अनुपस्थित रहीं। इस प्रकार 16 मतों के निर्णायक अंतर से सुमन सोनी को संगरिया नगरपालिका की अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
सोमवार सुबह से ही नगरपालिका परिसर और आसपास के इलाके में चुनावी गहमागहमी चरम पर थी। सुबह करीब 10.24 बजे अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रोशनी देवी बेनीवाल, प्रदीप बेनीवाल और अपने समर्थक पार्षदों के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं। इस समूह में रोशनी देवी सहित कुल सात पार्षद एक साथ मतदान करने पहुंचे, जिनमें वार्ड 1 से नरेश, वार्ड 7 से रोशनी देवी, वार्ड 15 से ज्योति डोडा, वार्ड 19 से राजेश डोडा, वार्ड 20 से खुशबू मिढ़ा, वार्ड 25 से प्रदीप बेनीवाल और वार्ड 34 से लीलूराम शामिल थे। इन पार्षदों के एक साथ पहुंचने से कुछ देर के लिए चुनावी माहौल में सरगर्मी बढ़ गई।
इसके कुछ ही देर बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुमन सोनी, क्षेत्रीय विधायक अभिमन्यु पूनिया और नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव सोनी के नेतृत्व में एक छोटी बस में सवार होकर समर्थक पार्षदों के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं। इस जत्थे में कुल 24 पार्षद एकजुट होकर मतदान के लिए पहुंचे। इनमें राजीव सोनी, पवन सोनी, योगेश भोभिया, तनवीर अहमद, सुमन शर्मा, अनुसुइया, वेदप्रकाश धारणिया, रीना महंत, रेणु जिंदल, सुधीर कुमार, ओम पपला, साहिल स्वामी, शमशेर सिंह चहल, कृष्णा देवी, अंकिता माहौर, अनीता करवा, पारुल माहेश्वरी, सुनील कुमार और प्रिया जैन सहित अन्य पार्षद प्रमुख रूप से शामिल थे।
इसके उपरांत डॉ. दिव्या चौधरी, सुमन शर्मा और अनिल भोभिया ने अलग-अलग पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राजनीतिक हलकों में यह स्पष्ट चर्चा रही कि इन पार्षदों ने भी कांग्रेस के पक्ष में ही मतदान कर सुमन सोनी की जीत को प्रचंड रूप दिया।
संगरिया नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनाने और सुमन सोनी की इस बड़ी जीत के पीछे स्थानीय विधायक अभिमन्यु पूनिया की संगठनात्मक कुशलता और राजनीतिक रणनीति को मुख्य आधार माना जा रहा है। 35 वार्डों वाली इस नगरपालिका में टिकट वितरण से लेकर पार्षदों को एकजुट रखने तक विधायक पूनिया ने पूरी कमान संभाली। उन्होंने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं को एक मंच पर लाते हुए मजबूत घेराबंदी की।
पार्षद चुनाव में कांग्रेस ने प्रभावी रणनीति से 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा मात्र 2 सीटों पर सिमट गई थी। सबसे बड़ी बात यह कि भाजपा जिलाध्यक्ष का यह गृह क्षेत्र हैं जहां बीजेपी की करारी हार हुई है। कई वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए थे। मतदान के दिन तक सभी समर्थकों को साधे रखना और अंततः 25 मतों का मजबूत जादुई आंकड़ा जुटा लेना विधायक अभिमन्यु पूनिया के मजबूत राजनीतिक प्रभाव और कुशल प्रबंधन का प्रमाण बन गया।
निर्वाचन अधिकारी जय कौशिक द्वारा जैसे ही सुमन सोनी की आधिकारिक जीत की घोषणा की गई, पालिका परिसर के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, एक-दूसरे को गले लगाकर मिठाइयां बांटीं और बधाई दी।
जीत के तुरंत बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमन सोनी और उनके पति व नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजीव सोनी ने महान शिक्षा संत स्वामी केशवानंद जी के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद लिया। संजीव सोनी ने कहा कि संगरिया की जनता और निर्वाचित पार्षदों ने जो अपार विश्वास कांग्रेस पार्टी और सुमन सोनी पर जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरा जाएगा।
जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुमन सोनी एवं नगर अध्यक्ष संजीव सोनी ने संयुक्त रूप से कहा कि शहर की जनता ने विधायक अभिमन्यु पूनिया के विकासवादी विजन पर अपनी मुहर लगाई है। नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में बिना किसी राजनीतिक या वार्ड स्तर के भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे और सबको साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगरिया में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करना, खस्ताहाल सड़कों और नालियों का निर्माण, शुद्ध पेयजल की सुचारू आपूर्ति, आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार करना बोर्ड की पहली प्राथमिकता रहेगी। शहर के हर नागरिक से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई योजनाएं बनाकर उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा।







