




भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव को लेकर अभी राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों के नामों का औपचारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन टिकट के दावेदारों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। हनुमानगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 6 में भाजपा से जुड़े अनिल सिंह राठौड़ ने जनसंपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत कर चुनावी माहौल में अपनी सक्रियता का संकेत दे दिया है। राठौड़ ने वार्ड में लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याएं जानने और समर्थन जुटाने की कवायद शुरू की है।
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत से पहले अनिल सिंह राठौड़ ब्रह्मकुमारी आश्रम पहुंचे। यहां बहन खुशबू जैन ने उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद राठौड़ ने वार्ड में जनसंपर्क किया और लोगों से मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की।
अनिल सिंह राठौड़ शुरू से ही भाजपा से जुड़े हुए हैं और खुद को पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बताते हैं। उन्होंने कहा कि पहले उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन वार्ड की लगातार बनी हुई समस्याओं ने उन्हें चुनाव मैदान में उतरने के लिए मजबूर किया। उनके अनुसार, वार्ड में मामूली बारिश के बाद भी जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोगों को अपने ही घरों में कैद होकर रहना पड़ता है।
राठौड़ ने कहा कि जलभराव की समस्या केवल बारिश के दिनों की परेशानी नहीं है, बल्कि यह वार्ड के लोगों के लिए लंबे समय से बनी हुई गंभीर समस्या है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाता तो लोगों को हर बारिश में इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के उद्देश्य से ही उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
अनिल सिंह राठौड़ ने पिछले तीन दशक की स्थानीय राजनीति पर भी सवाल उठाए। राठौड़ ने कहा कि वार्ड में पिछले करीब 30 वर्षों से कुछ ही लोग बार-बार पार्षद बनते आ रहे हैं। इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्याएं खत्म होने के बजाय कई मामलों में बढ़ती गईं। ऐसे हालात में अब युवाओं को आगे आकर वार्ड की जिम्मेदारी संभालने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
राठौड़ ने अपने चुनावी अभियान को किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि वार्ड की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ लोगों के बीच जा रहे हैं और वार्डवासियों की अपेक्षाओं तथा समस्याओं को समझना उनकी प्राथमिकता है।
नगर परिषद चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब वार्डों में संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता लगातार बढ़ने लगी है। हालांकि भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों की ओर से टिकट को लेकर अंतिम घोषणा अभी बाकी है, लेकिन दावेदारों ने अपने स्तर पर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। ऐसे में वार्ड नंबर 6 में अनिल सिंह राठौड़ की सक्रियता ने स्थानीय चुनावी चर्चाओं को तेज कर दिया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी की ओर से अंतिम टिकट किसके पक्ष में जाता है और चुनावी मैदान में वार्ड 6 का मुकाबला किस दिशा में आगे बढ़ता है।








