





भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
हनुमानगढ़ के वार्ड संख्या 48 स्थित चक ज्वालासिंह रोड क्षेत्र के निवासियों ने अपनी विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा नेता विकास सैनी के नेतृत्व में नगरपरिषद प्रशासक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति, सफाई व्यवस्था में लापरवाही तथा सीवरेज कार्य के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड संख्या 48 में नगरपरिषद से स्वीकृत कई आवासीय कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं, लेकिन चक ज्वालासिंह रोड पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। वहीं, कॉलोनियों में लगी कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इसके कारण रात के समय पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहता है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
युवा नेता विकास सैनी ने आरोप लगाया कि कॉलोनियों में नियमित सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे मौसमी और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नगरपरिषद से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की मांग की।
ज्ञापन में सीवरेज कार्य के बाद सड़कों की बदहाल स्थिति का भी उल्लेख किया गया। क्षेत्रवासियों के अनुसार पिछले करीब तीन वर्षों से अधिकांश सड़कें टूटी हुई हैं और जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सड़कों का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया।
वार्डवासियों ने बताया कि वे पहले भी कई बार नगरपरिषद को प्रार्थना-पत्र देकर समस्याओं से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कॉलोनीवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपरिषद प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलवाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालियों की सफाई कराने तथा सीवरेज कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में विकास सैनी, दिनेश सर्वा, आनंद सैन, राकेश पेंटर, दुलीचंद ज्यानी, एडवोकेट अजय मूंड, रामचंद्र, ओमप्रकाश सैनी और सुशील सैन सहित अन्य क्षेत्रवासी शामिल रहे।








