



भटनेर पोस्ट डेस्क
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित स्थानीय भट्टा कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र 9बी में बालिका रागिनी जोशी का जन्मदिन उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने गीत गाए, तालियां बजाईं और जन्मदिन समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र परिसर पूरी तरह उत्सवी माहौल में नजर आया।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों, महिलाओं और बच्चों ने नन्ही रागिनी को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। जन्मदिन समारोह में बच्चों के चेहरों पर खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे सजावट के बीच आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशियां साझा कीं।

बालिका के पिता विष्णु जोशी, माता सुनीता शर्मा, बड़े पापा शिवशंकर शर्मा और बड़ी मम्मी मंजू शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच इस तरह जन्मदिन मनाना सामाजिक जुड़ाव और अपनत्व का संदेश देता है।
समारोह में सात आंगनबाड़ी केंद्रों के छोटे बच्चों ने भाग लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों की मौजूदगी से कार्यक्रम और भी जीवंत हो गया। बच्चों के लिए विशेष रूप से खीर-पूरी और भोजन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए, जिससे उनमें खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में आए सभी लोगों को भी भोजन करवाया गया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और शिक्षा का माध्यम ही नहीं, बल्कि बच्चों के सामाजिक और भावनात्मक विकास का भी महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और आपसी मेलजोल को मजबूत करने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर कमलजीत कौर, रजनी सिंह, वरिष्ठ नागरिक सावरमल शर्मा, कमला शर्मा, ललिता शर्मा, सुदामा शर्मा, पुष्पा शर्मा, किरण शर्मा, शकुंतला शर्मा, भगवान दास गुप्ता, डॉ. देवीलाल, प्रहलाद जांगिड़ और सुभाष ठाकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के अंत में बच्चों ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाईं और पूरे कार्यक्रम में पारिवारिक व सामाजिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला।








