





राजेश अग्रवाल व हिमांशु मिड्ढ़ा.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हनुमानगढ़ दौरा तय हो गया है। जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम स्थल को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से अंतिम समय में बदलाव किया है। पहले यह कार्यक्रम धानमंडी में भूमि विकास बैंक के पास स्थित शेड के नीचे प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे जाट भवन के सामने मंडी के बी ब्लॉक के प्लेटफार्म नंबर दो पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। नए स्थल पर मंच और अन्य व्यवस्थाओं को तैयार करने का काम तेजी से किया जा रहा है और शाम तक मंच पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए धानमंडी परिसर में साफ-सफाई और सड़कों की मरम्मत का काम भी युद्धस्तर पर किया गया है। मंडी परिसर की सड़कों को रातोंरात ठीक कराया गया है तथा चारों ओर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे। जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय महिला दिवस समारोह दोपहर एक बजे शुरू होगा और लगभग ढाई बजे तक चलेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर के जरिए हनुमानगढ़ पहुंचेंगे और धानमंडी में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिलाओं को संबोधित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे तथा सभा को संबोधित करेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी देने के साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, मंच प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर लगातार बैठकें की जा रही हैं।

जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई, कृषि उपज मंडी समिति के सचिव विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेरा और यातायात प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं पर निर्देश भी दिए।

भाजपा संगठन की ओर से भी कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर रखी जा रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू और भाजपा नेता अमित चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों का ध्यान संभावित भीड़, मौसम की गर्मी और आमजन को होने वाली असुविधाओं की ओर दिलाते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान धानमंडी परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें महिलाओं से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। महिला दिवस के मौके पर आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम एक तरफ जहां महिला सशक्तिकरण का संदेश देगा, वहीं प्रशासन और सरकार के लिए भी यह आयोजन एक बड़े जनसमूह के बीच अपनी योजनाओं और नीतियों को प्रस्तुत करने का अवसर माना जा रहा है।






