



भटनेर पोस्ट डेस्क
राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित दिल्ली शराब नीति केस में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को केंद्रीय जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा दर्ज मामले में सभी आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने अपने निर्णय में साफ शब्दों में कहा कि बिना ठोस और विश्वसनीय साक्ष्यों के किसी भी आरोप को सिद्ध नहीं माना जा सकता। अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा, इसलिए आरोपमुक्ति का आदेश दिया गया।

अदालत के फैसले के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। पार्टी ने इसे ‘न्याय की जीत’ करार देते हुए कहा कि यह फैसला राजनीतिक आरोपों और मनगढ़ंत कथाओं पर विराम लगाने वाला है। पार्टी का तर्क है कि निर्णय ने यह स्पष्ट कर दिया कि कानून के सामने सब बराबर हैं और न्यायिक प्रक्रिया में सबूतों का ही अंतिम महत्व होता है।
फैसले की खबर मिलते ही हनुमानगढ़ जिले में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक पर पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई, गुलाल लगाया और ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव मनाया। पूरे चौक पर ‘सत्य की जीत’ और ‘न्यायपालिका जिंदाबाद’ जैसे नारों की गूंज सुनाई दी।

इस मौके पर हनुमानगढ़ विधानसभा सीट से प्रत्याशी रहे सचिन कौशिक ने कहा कि अदालत का यह फैसला केवल ‘आप’ नेताओं की नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और न्यायिक मूल्यों की जीत है। उन्होंने कहा, ‘आज यह साबित हो गया कि बिना प्रमाण के किसी को भी दोषी ठहराया नहीं जा सकता। लंबे समय से आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं को बदनाम करने की कोशिशें की जा रही थीं, लेकिन अदालत ने तथ्यों और सबूतों के आधार पर सच्चाई सामने रख दी। यह फैसला उन सभी लोगों के लिए संदेश है जो राजनीति में झूठे आरोपों को हथियार बनाते हैं।’

जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि यह निर्णय देश की न्यायपालिका की निष्पक्षता और मजबूती को दर्शाता है। हम शुरू से कह रहे थे कि यह मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। आज अदालत ने यह स्पष्ट कर दिया कि कानून केवल सबूतों पर चलता है, दबाव या प्रचार पर नहीं। यह फैसला लोकतंत्र में आम आदमी के विश्वास को और मजबूत करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम और जिम्मेदारी के साथ इस खुशी को साझा करने की अपील भी की।

पार्टी के युवा नेता राजवीर माली ने कहा कि अदालत का फैसला उन लाखों समर्थकों के लिए राहत है, जो लंबे समय से इस मामले को लेकर चिंतित थे। आज सच्चाई की जीत हुई है। यह फैसला बताता है कि न्याय देर से ही सही, लेकिन मिलता जरूर है। आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई पहले की तरह मजबूती से जारी रखेगी और जनता के मुद्दों पर काम करती रहेगी। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और कहा कि यह फैसला केवल एक कानूनी निर्णय नहीं, बल्कि देश की न्यायिक परंपराओं में विश्वास का पुनर्स्थापन है।




