




भटनेर पोस्ट डेस्क.
हनुमानगढ़ जिले की राजनीति में ओबीसी वर्ग की आवाज अब और बुलंद होने वाली है। कांग्रेस ओबीसी विभाग ने मनमोहन सोनी पर पुनः विश्वास जताते हुए उन्हें जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति को आने वाले समय में जिले में कांग्रेस संगठन की दिशा और गति को प्रभावित करने वाला फैसला माना जा रहा है। मनमोहन सोनी लंबे समय से सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। इस पद पर काम करने का उनके पास अनुभव है। संगठन के साथ उनकी निरंतर सहभागिता, जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ और ओबीसी समुदाय से मजबूत जुड़ाव ने उन्हें इस पद के लिए स्वाभाविक दावेदार बनाया। पार्टी ने उनके अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए यह निर्णय लिया, जिसे जिलाभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह के रूप में देखा जा रहा है।

नियुक्ति के बाद मनमोहन सोनी ने कहा कि वे कांग्रेस ओबीसी विभाग को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि जिले के ओबीसी समुदाय की समस्याओं, अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को प्राथमिकता देते हुए संगठनात्मक ढांचा मजबूत किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़ना, युवाओं को अवसर देना और समाज की वास्तविक समस्याओं को पार्टी मंच पर प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी ने कांग्रेस आलाकमान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान भी है और चुनौती भी। पार्टी ने जो विश्वास जताया है, वे उसे पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन तभी आगे बढ़ता है जब हर कार्यकर्ता खुद को उसका हिस्सा महसूस करे। इसलिए वे संवाद, सहयोग और सामूहिक निर्णय की परंपरा को प्राथमिकता देंगे।

पूर्व उपाध्यक्ष रिछपाल मान कहते हैं, ‘कांग्रेस ओबीसी विभाग में यह नियुक्ति नए उत्साह के संकेत के रूप में देखी जा रही है। जिले में ओबीसी वर्ग का व्यापक जनाधार कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है, और मनमोहन सोनी की नियुक्ति इस आधार को मजबूत करने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकती है।’



