कालोनाइजर पर क्यों भड़के ग्रीन सिटी के लोग ?

भटनेर पोस्ट सिटी डेस्क.
हनुमानगढ़ टाउन की अम्बेडकर कॉलोनी स्थित ग्रीन सिटी कॉलोनी के वाशिंदों ने कॉलोनाइजर की ओर से उनकी कॉलोनी में बनी टंकी से पानी की सप्लाई अन्य कॉलोनी में करने पर ऐतराज जताया है। इसके खिलाफ गुरुवार को कॉलोनीवासियों ने कॉलोनी के गेट पर एकत्रित होकर नारेबाजी कर विरोध दर्ज करवाया। ग्रीन सिटी कॉलोनी के वाशिंदों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में पानी सप्लाई के लिए बनी से कॉलोनीवासी पेयजल का उपभोग कर रहे हैं। नागरिकों के मुताबिक, कॉलोनाइजर की ओर से ग्रीन सिटी द्वितीय के नाम से भूखण्ड काटकर कॉलोनी का विस्तार किया गया। ग्रीन सिटी द्वितीय में पेयजल व निर्माण कार्य के लिए पानी की सप्लाई इसी टंकी से दी जाती रही। कॉलोनीवासियों ने आपत्ति जताई लेकिन कॉलोनाइजर ने आपत्ति को अनदेखा कर दिया। फिर कॉलोनाइजर की ओर से ग्रीन सिटी तृतीय के नाम से भूखण्ड काटे गए। इस नई कॉलोनी में भी इसी टंकी से पानी दिया गया। कॉलोनीवासियों की ओर से आपत्ति किए जाने के बावजूद कॉलोनाइजर की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। कॉलोनी के द्वितीय व तृतीय विस्तार के बावजूद भी नई टंकी का निर्माण नहीं किया गया। इसके चलते पिन्टू ग्रीन सिटी कॉलोनी के वाशिंदों को पेयजल व दैनिक आवश्यकताओं के लिए पानी की आपूर्ति बमुश्किल हो रही है। कॉलोनी में निर्माण कार्य चलते रहने से पानी की सप्लाई बाधित हो रही है। कॉलोनीवासियों के अनुसार कॉलोनाइजर की ओर से वर्ष 2023-2024 में रायल विला नाम से जवाहर नगर के पास फतेहगढ़ मोड पर कॉलोनी स्थापित की गई। इसकी दूरी ग्रीन सिटी से करीब 20 मुरब्बा है। रायल विला कॉलोनी के निर्माण कार्य के लिए पानी की सप्लाई भी टैंकरों के जरिए इसी कालोनी में बनी एकमात्र टंकी से ली जाती रही। कॉलोनाइजर की ओर से हाल ही रायल विला कॉलोनी का विस्तार किया गया है। उक्त रायल विला को पानी की निरंतर आपूर्ति के लिए कॉलोनाइजर की ओर से जान-बूझकर विधि-विरूद्ध तरीके से ग्रीन सिटी कॉलोनी से रायल विला कॉलोनी तक बिना स्वीकृति के पाइप लाइन बिछाकर पानी की आपूर्ति मनमाने तरीके से की जा रही है। कॉलोनी वासियों द्वारा बताया जा रहा है कि इनके द्वारा काटी जा रही और रॉयल्स विला में पानी बेहद खारा हैं। तथा वहां पर नई पानी की टंकी निर्माण करने में इनके करीबन दस से बीस लाख रुपए का खर्चा आएगा। कॉलोनाइजर द्वारा अपना पैसा बचाने के लिए पाइप लाइन डाले जाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। कॉलोनीवासियों के अनुसार कॉलोनाइजर की ओर से ग्रीन सिटी के नागरिकों से मासिक मैन्टीनेंस शुल्क वसूल किया जा रहा है। इसके बावजूद भी पानी की सप्लाई ग्रीन सिटी से ही दी जा रही है। धीरे-धीरे पानी का स्तर व उसकी शुद्धता भी खराब होती जा रही है। कॉलोनीवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि कॉलोनाइजर को ग्रीन सिटी में स्थित टंकी से पानी की सप्लाई अन्य कॉलोनी में न करने के लिए पाबंद किया जाए। इस मौके पर ओमप्रकाश, अश्विनी, राकेश, बलविन्द्र सिंह, नरेश कुमार, निशान्त, गुरदेव सिंह, कुलवन्त सिंह, सौरभ, करण सोनी, कृष्ण स्वामी सहित कई अन्य कॉलोनीवासी मौजूद थे।

image description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *