






भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ में निकाय चुनाव की सियासी सरगर्मी अब टिकटों की दौड़ तक पहुंच गई है। कांग्रेस ने उम्मीदवार चयन की कवायद तेज करते हुए आज हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित अरिहंत भवन में संभावित दावेदारों और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद किया। सुबह से शाम तक चले कार्यक्रम में वार्डवार दावेदारों ने चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा से व्यक्तिगत मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की और अपने-अपने क्षेत्र में संगठन की स्थिति, जनसमर्थन और चुनावी समीकरणों की जानकारी दी। अरिहंत भवन में दिनभर उमड़ी कार्यकर्ताओं और दावेदारों की भीड़ ने कांग्रेस की चुनावी तैयारियों और टिकट को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल को साफ तौर पर सामने ला दिया।
कार्यकर्ताओं और दावेदारों से संवाद के बाद चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा ने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान के सभी निकायों में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ अपने बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं में जिस तरह का उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

सूड़ा ने कहा कि कांग्रेस इस बार संगठन और चुनावी प्रक्रिया में युवाओं को अधिक अवसर देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पार्टी की ओर से 50 प्रतिशत से अधिक टिकट जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को देने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था के जरिए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए भी चुनाव लड़ने का अवसर उपलब्ध कराया है। पार्टी का प्रयास है कि उम्मीदवार चयन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और युवाओं को भागीदारी मिले। सूडा ने 60 वार्डों के लिए करीब 315 आवेदन मिलने की बात कही।

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सूड़ा ने कहा कि आमजन महंगाई और बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने चीनी और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता अपने वोट की ताकत को समझ रही है। उनका दावा था कि सरकार से परेशान लोग कांग्रेस की ओर उम्मीद के साथ देख रहे हैं और पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।

चुनाव पर्यवेक्षक दिनेश सूड़ा ने बताया कि हनुमानगढ़ में पूरे दिन चले वन-टू-वन संवाद के दौरान दावेदारों और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। इसके बाद गुरुवार को पीसीसी अध्यक्ष के साथ बैठक प्रस्तावित है। बैठक के बाद दावेदारों की सूची जारी किए जाने की संभावना है।
पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि निकाय चुनाव में टिकट का आधार केवल व्यक्तिगत दावेदारी नहीं होना चाहिए। संगठन के प्रति समर्पण, क्षेत्र में सक्रियता और जनता के बीच पकड़ जैसे पहलुओं को भी उम्मीदवार चयन में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों को सामने रखेंगे। चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने की अपील की।

ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन बेबी ने कहा कि हनुमानगढ़ में कांग्रेस का संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता पूरी तरह चुनावी मोड में हैं। प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सभी दावेदार पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न वार्डों से टिकट के दावेदार मौजूद रहे। इस मौके पर पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, संदीप सिद्धू, गुरमीत चंदड़ा, दयाराम जाखड़, कृष्ण नेहरा, जयदेव भीड़ासरा, अनिल तिवाड़ी, महेन्द्र चतुर्वेदी, प्रकाश जैन, संजय होटला, गौरव दयोड़ा, हेतराम भाटी, धर्मेन्द्र, नवदीप राणा, रिजवान खान, इशाक चायनान, शिशुपाल लदोईया, मामराज परिहार, खुशी अमलानी, आमिर खान, शाहरूख कुरैशी, जयपाल गिरी, दीपक डाबला, हीरालाल, यादवेन्द्र, जगदीश, अनिल खिचड़, लोकेन्द्र भाटी, अनूप चौधरी और छगनलाल चिलाना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





