






भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी ने हनुमानगढ़ जिले में भूमि कनवर्जन से संबंधित प्रकरणों में हो रही अनावश्यक देरी को लेकर जिला कलेक्टर एवं एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करवाते हुए पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि भूमि कनवर्जन की प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं होने के कारण आमजन, भू-स्वामियों एवं आवेदकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ओम सोनी ने पत्र में कहाकि भूमि कनवर्जन से संबंधित कार्यों के लिए लोगों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किए जाने के बावजूद कई प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े हैं। इसके चलते आवेदकों के निर्माण, व्यवसाय एवं अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को अपने प्रकरणों की जानकारी एवं निस्तारण के लिए बार-बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकरण में दस्तावेज या नियमों के तहत कोई कमी है तो संबंधित आवेदक को स्पष्ट रूप से इसकी जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वह समय रहते आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाकर प्रक्रिया पूरी कर सके। लेकिन बिना स्पष्ट कारण के प्रकरणों को लंबित रखना आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
ओम सोनी ने यह भी मांग की कि भूमि कनवर्जन से जुड़े लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा कर प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण की समय-सीमा निर्धारित की जाए तथा अनावश्यक देरी के वास्तविक कारणों की जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने की मांग की कि पात्र आवेदकों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या अनावश्यक टालमटोल न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए।
भाजपा नेता ओम सोनी ने जिला प्रशासन एवं एनएचएआई के संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि आमजन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लंबित भूमि कनवर्जन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करवाया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित पाए जाते हैं तो उसकी जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ओम सोनी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को राहत देना होना चाहिए। किसी भी वैध एवं पात्र व्यक्ति को अपने अधिकार से जुड़े कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए भूमि कनवर्जन की प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जाना आवश्यक है।








