








भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म किसी चुनावी रणभेरी के केंद्र जैसा नजर आ रहा था। जैसे ही ट्रेन रुकी, कांग्रेस सेवादल के राजस्थान प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव गोविंद भाई पटेल के स्वागत में कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों और उत्साह से पूरा परिसर गूंज उठा। सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें मालाओं से लाद दिया। इस जोशीले माहौल में केवल स्वागत की औपचारिकता नहीं थी, बल्कि निकाय चुनाव को लेकर संगठन का एक गहरा संकल्प भी साफ झलक रहा था।
स्टेशन पर ही बनी इस चुनावी चौपाल में सबसे बड़ा आकर्षण और चर्चा का केंद्र बना सेवादल का यह ऐतिहासिक ऐलान कि जिले के सभी 290 वार्डों के मतदान केंद्रों पर कार्यकर्ता अपनी पारंपरिक ‘गांधी टोपी’ पहनकर बतौर बूथ एजेंट तैनात रहेंगे। हाथों में मालाएं लिए कार्यकर्ताओं की आंखों में चुनावी चमक थी और मंच से जब प्रभारी गोविंद भाई पटेल ने अनुशासन, समन्वय और घर-घर संवाद का मंत्र दिया, तो माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से भर गया। स्टेशन से निकला यह संदेश पूरे जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है कि इस बार निकाय चुनाव में सेवादल अपनी गांधीवादी पहचान और मजबूत संगठनात्मक अनुशासन के दम पर हर बूथ को फतह करने की ठोस तैयारी कर चुका है।
कांग्रेस सेवादल के राजस्थान प्रभारी गोविंद भाई पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी निकाय चुनाव कांग्रेस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता और सक्रियता के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से प्रचार किया जाए और आमजन तक कांग्रेस की विचारधारा एवं नीतियों को पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया।
पटेल ने कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता से सुनिश्चित होती है। ऐसे में सेवादल के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान को गति दे और मतदाताओं से संवाद स्थापित करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ चुनावी अभियान चलाने की बात कही।
सेवादल जिलाध्यक्ष अश्वनी पारीक ने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस सेवादल पूरी तरह सक्रिय है।
सेवादल एवं यंग ब्रिगेड के कुल 6 जनों को हनुमानगढ़ नगरपरिषद में टिकिट मिली है हनुमानगढ़ जिले के 290 वार्ड में मतदान के दिन गांधी टोपी लगाए बूथ एजेंट बैठेंगे ताकि मतदान प्रतिशत बढ़े और आजादी के आंदोलन के अगुआ महात्मा गांधी जी की अगुआ पार्टी को कांग्रेस को वोट मिले।
पारीक ने कहा कि सेवादल की ओर से कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक कांग्रेस प्रत्याशी के साथ सेवादल के कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क में जुटे हुए हैं और घर-घर पहुंचकर पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
पारीक ने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर भी जनता के बीच कांग्रेस का पक्ष रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवादल कार्यकर्ता निकाय चुनाव में संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान सेवादल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गोविंद भाई पटेल के साथ आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुट मेहनत और जनसमर्थन के बल पर निकाय चुनाव में कांग्रेस को मजबूत सफलता मिलेगी।
इस मौके पर वार्ड 50 प्रत्याशी एवं जिला सचिव लखविंदर सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल तिवाड़ी, जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, ईशाक चायनान, शिशुपाल, जयपाल गिरी, राजप्रकाश,ब्लॉक अध्यक्ष शहर संजय होटला, धर्मेंद्र बजाज, हीरालाल, रवि जोइया मौजूद थे।








