







भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले की पांच नगरीय निकायों भादरा, नोहर, संगरिया, टिब्बी और रावतसर में बुधवार यानी 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रचार थम चुका है और अब शोरगुल की जगह सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रत्याशी और उनके समर्थक अंतिम समय तक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क साधने में जुटे हैं। घर-घर पहुंचकर समर्थन मांगने, नाराज मतदाताओं को मनाने और अपने पक्ष में माहौल बनाने की कवायद जारी है। चुनावी शब्दावली में मतदान से पूर्व की इस रात को ‘कयामत की रात’ कहा जाता है, क्योंकि इसी रात के बाद मतदाताओं का फैसला प्रत्याशियों की राजनीतिक दिशा तय करता है।
निकाय चुनावों में मतदान से पहले की यह रात हमेशा सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ अंतिम रणनीति पर काम करते हैं और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। चुनावी गलियारों में यह भी चर्चा रहती है कि इस दौरान साम, दाम, दंड और भेद की नीति तक अपनाई जाती है। प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी रखते हुए शराब, नकद राशि तथा अन्य प्रलोभनों के वितरण पर रोक लगाने का प्रयास करते हैं, लेकिन चुनावी माहौल में ऐसी गतिविधियों की चर्चाएं आम रहती हैं। पहले ऐसी स्थितियां मुख्य रूप से कच्ची बस्तियों तक सीमित मानी जाती थीं, लेकिन अब इसका प्रभाव पॉश कॉलोनियों तक भी दिखाई देने लगा है। कई स्थानों पर मतदाता भी अपनी पसंद और अपेक्षाओं के साथ प्रत्याशियों के सामने मांगें रखते नजर आते हैं। ऐसे में प्रत्याशी वोट हासिल करने के लिए हर स्तर पर सक्रिय दिखाई देते हैं।
बुधवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके साथ ही पांचों निकायों में चुनावी भागदौड़ का अंतिम चरण पूरा होगा और मतदाताओं का फैसला ईवीएम में दर्ज हो जाएगा। सबसे अधिक नजरें नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी और रावतसर के मुकाबलों पर टिकी हुई हैं, जहां कई वार्डों में सीधी और रोचक टक्कर देखने को मिल रही है।
नोहर नगरपालिका के 40 वार्डों में 106 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी राजनीतिक किस्मत का फैसला 41 हजार 604 मतदाता करेंगे। भादरा नगरपालिका के 40 वार्डों में 126 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और यहां 33 हजार 940 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। संगरिया नगरपालिका के 35 वार्डों में 112 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि कुल 27 हजार 575 मतदाता मतदान करेंगे।
रावतसर नगरपालिका में भी चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। यहां 35 वार्डों में सर्वाधिक 160 प्रत्याशी मैदान में हैं और 31 हजार 676 मतदाता उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं की संख्या के लिहाज से रावतसर और भादरा के बीच महज करीब दो हजार मतों का अंतर है, लेकिन इसके बावजूद रावतसर में वार्डों की संख्या 35 ही निर्धारित है। बावजूद इसके यहां प्रत्याशियों की संख्या अन्य सभी निकायों से अधिक है और मुकाबले भी अधिक बहुकोणीय बने हुए हैं।
उधर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान दलों की रवानगी, मतदान सामग्री का वितरण, ईवीएम की सुरक्षा तथा मतगणना की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रत्येक निकाय के लिए अलग-अलग भवनों का चयन किया गया है, जहां ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए गए हैं तथा मतदान और मतगणना संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
संगरिया के लिए किसान शहीद स्मारक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिब्बी के लिए राजकीय महाविद्यालय, रावतसर के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोहर के लिए गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा भादरा के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को निर्धारित किया गया है। इन भवनों में संबंधित निकायों के ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। अब सभी की निगाहें मतदान दिवस पर टिकी हैं, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 504 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला करेंगे।








