






भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ नगर परिषद एवं नगर पालिका चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी मैदान में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने नगर परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए अधिकृत उम्मीदवारों को पार्टी का चुनाव चिह्न प्रदान किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदार राजनीति और बेहतर स्थानीय निकाय व्यवस्था के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। पार्टी की ओर से जारी पहली सूची में हनुमानगढ़ नगर परिषद के चार वार्डों के अलावा गोलूवाला और टिब्बी में एक-एक प्रत्याशी घोषित किया गया है। हनुमानगढ़ के वार्ड 24 से सुरेंद्र पाल बेनीवाल, वार्ड 27 से सुषमा बेनीवाल, वार्ड 34 से सुभाष पारीक और वार्ड 58 से विजय बैंसला को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं गोलूवाला के वार्ड 20 से गुरविंद्र तथा टिब्बी के वार्ड 15 से बंशीलाल शर्मा को पार्टी ने अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है।

प्रत्याशियों को पार्टी सिंबल राजस्थान सह-प्रभारी विकास बग्गा, बीकानेर जोन प्रभारी राजवीर माली, चुनाव कमेटी प्रभारी रविंद्र चाहर, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल तथा जिला महासचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सचिन कौशिक ने प्रदान किए।
इस अवसर पर राजस्थान सह-प्रभारी विकास बग्गा ने कहा कि आम आदमी पार्टी स्थानीय निकाय चुनावों को केवल राजनीतिक मुकाबले के रूप में नहीं, बल्कि शहरों और कस्बों की बुनियादी जरूरतों से जोड़कर देख रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे प्रत्याशियों को आगे ला रही है, जो जनता के बीच रहकर काम करने और स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के लिए प्रतिबद्ध हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया।

बीकानेर जोन प्रभारी राजवीर माली ने कहा कि नगर निकाय सीधे तौर पर आम नागरिक की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े होते हैं। सड़क, सफाई, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए स्थानीय निकाय की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास है कि इन मुद्दों को चुनावी अभियान के केंद्र में रखा जाए और जनता के बीच जवाबदेह राजनीति का संदेश पहुंचाया जाए।
चुनाव कमेटी प्रभारी रविंद्र चाहर ने कहा कि पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन में स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक स्थिति और संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता को ध्यान में रखा है। उन्होंने अधिकृत प्रत्याशियों से वार्ड में जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों एवं स्थानीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

जिला महासचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सचिन कौशिक ने बताया कि पहली सूची में हनुमानगढ़ के चार, गोलूवाला के एक और टिब्बी के एक प्रत्याशी को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में पार्टी की ओर से अन्य वार्डों के प्रत्याशियों की घोषणा भी की जाएगी। कौशिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी ईमानदार राजनीति, पारदर्शिता और बेहतर नगर परिषद के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। पहली सूची जारी होने के साथ ही जिले में निकाय चुनाव का राजनीतिक मुकाबला और तेज होने के आसार हैं। अब निगाहें आम आदमी पार्टी की आगामी सूची और अन्य वार्डों में प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं।






