



भटनेर पोस्ट डेस्क
नौतपा की झुलसाती गर्मी, तपते आसमान और लू के थपेड़ों के बीच गुरुवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास केंद्र का माहौल कुछ देर के लिए बदल गया। हाथों में ठंडा शरबत, ताजे मौसमी फल और चेहरों पर मुस्कान। यह दृश्य था महिला एवं बाल जागृति मंच हनुमानगढ़ जंक्शन और अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन के संयुक्त सेवा कार्यक्रम का। जैसे ही शरबत की छबील लगी, बच्चों की आंखों में चमक दिखी, बुजुर्गों ने सुकून की सांस ली और विशेष योग्यजनों के चेहरों पर राहत साफ झलकने लगी। तपती दोपहरी में सेवा की यह ठंडी फुहार न सिर्फ शरीर को, बल्कि मन को भी ठंडक दे गई और यही असली सेवा की पहचान है।

मुख्य अतिथि समाज कल्याण अधिकारी विक्रम सिंह शेखावत ने संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक, प्रेरणादायी और समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। विक्रम सिंह शेखावत ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाना बहुत बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं के इस प्रकार के प्रयास समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

महिला एवं बाल जागृति मंच की अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन की जिला अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि बढ़ती गर्मी और लगातार बिगड़ते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए समिति द्वारा मुख्यमंत्री पुनर्वास केंद्र में रह रहे लगभग 100 विशेष योग्यजनों के लिए शरबत, नींबू पानी और ठंडे दूध की व्यवस्था की गई। साथ ही उन्हें ताजे मौसमी फलों का वितरण भी किया गया ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि संस्था की महिलाओं द्वारा आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में निवासरत जरूरतमंद परिवारों के बीच भी शरबत, जूस, नींबू पानी और ठंडे फलों का वितरण किया गया। इस दौरान महिलाओं ने लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय बताते हुए अधिक पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। संस्था प्रतिनिधियों ने कहा कि इस भीषण गर्मी में जरूरतमंद लोगों की सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति लू और गर्मी के प्रभाव से परेशान न हो।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पुनर्वास केंद्र में रह रहे बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। बच्चों ने फल और ठंडे पेय पदार्थ मिलने पर खुशी जाहिर की। वहीं झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों ने भी संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में इस प्रकार की सेवा कार्य वास्तव में राहत देने वाले हैं।
इस अवसर पर समिति की वरिष्ठ सदस्य एवं समाजसेवी प्रोफेसर सुमन चावला, वरिष्ठ सदस्य दर्शना अग्रवाल, महिला एवं बाल जागृति मंच की उपाध्यक्ष अनुपमा विजय, सचिव मोनिका जिंदल, कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, संगठन मंत्री वनिता सिंगला, सह संगठन मंत्री लीजा गोयल, प्रचार मंत्री मनीषा सिंगला, सोनू अग्रवाल, आशा मित्तल, समिति सलाहकार अमृतलाल गोयल, कोमल कुमार अग्रवाल, विकास बंसल, गौरव जिंदल, आश्रम स्टाफ, नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।





