



भटनेर पोस्ट डेस्क.
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम क़दम उठाते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। इसी क्रम में हनुमानगढ़ टाउन निवासी जावेद अली टाक को राजस्थान प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग का प्रदेश कॉर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति अल्पसंख्यक समाज के साथ-साथ कांग्रेस संगठन के लिए भी खास मायने रखती है।
यह निर्णय ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी तथा राजस्थान कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार की सहमति से लिया गया। नियुक्ति की खबर सामने आते ही हनुमानगढ़ जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। कई जगहों पर मिठाइयाँ बांटी गईं और मुबारकबाद का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जावेद अली टाक कोई नया नाम नहीं हैं। वे लंबे अरसे से संगठनात्मक कामकाज और समाजी खिदमत से जुड़े रहे हैं। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम अवाम तक पहुँचाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। नेताओं ने कहा कि यह नियुक्ति जिले के लिए ‘इज़्ज़त और एतबार’ की बात है, क्योंकि जावेद अली टाक जमीनी सियासत को अच्छी तरह समझते हैं और आम लोगों की परेशानियों से वाकिफ़ हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि जावेद अली टाक की पहचान एक सुलझे हुए, मिलनसार और मेहनती कार्यकर्ता के रूप में रही है। वे हर मौके पर संगठन के साथ खड़े नजर आए हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी को ऐसे ही लोगों की ज़रूरत है, जो सिर्फ़ ओहदे के लिए नहीं, बल्कि खिदमत के जज़्बे से काम करें।
नवनियुक्त प्रदेश कॉर्डिनेटर जावेद अली टाक ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए फख़्र की बात है। उन्होंने कहा, ‘पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। कांग्रेस की सेक्युलर और इंसाफ़ पर आधारित विचारधारा को मज़बूत करना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। अल्पसंख्यक वर्ग की समस्याओं, उनकी सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों को संगठन के ज़रिये सरकार और पार्टी नेतृत्व तक पहुँचाने के लिए लगातार काम करेंगे।’
काबिलेगौर है, जावेद अली टाक हनुमानगढ़ के निवर्तमान पार्षद असलम टाक के भतीजे और जाकिर अली टाक के बेटे हैं। जावेद के दादा फतेह मोहम्मद टाक क्षेत्र की लोकप्रिय्र शख्सियत थे। उन्हें सामाजिक सदभावना का प्रतीक माना जाता था।








