



भटनेर पोस्ट डेस्क.
रंगों के पावन पर्व होली एवं धुलंडी के मौके पर हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने होली को उल्लास, भाईचारे और आपसी सद्भाव का पर्व बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें प्रेम, एकता और अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश देता है।

जिला कलेक्टर ने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के रंग भरे। उन्होंने नागरिकों से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। विशेष रूप से मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत स्वास्थ्य कवरेज सुनिश्चित करने तथा सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर संयंत्र स्थापित कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने की अपील की।

कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने राहवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन और पुरस्कार का प्रावधान है, जिससे समाज में मानवीय सहायता की भावना मजबूत होती है। साथ ही, यातायात नियमों के पालन और डिजिटल सुरक्षा के लिए साइबर सावधानियां अपनाने पर भी जोर दिया। जिला कलेक्टर ने जिलेवासियों से होली का पर्व सौहार्द, जिम्मेदारी और सुरक्षा के साथ मनाने का आह्वान करते हुए सामाजिक एकता को और सुदृढ़ करने की बात कही।







