




भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जंक्शन में श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास की ओर से रविवार को महाशिवरात्रि का पावन पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। श्री काशी विश्वनाथ महादेव मन्दिर में प्रबंध समिति की बैठक संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर और भंडारा स्थल पर व्यवस्थाएं पूरी तरह सुव्यवस्थित रहेंगी। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से पंक्तिबद्ध कर दर्शन करवाने, लंगर हॉल में प्रसाद वितरण की सुचारु व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा रात्रि में होने वाले जागरण कार्यक्रम की रूपरेखा पर विशेष चर्चा की गई। सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए टीमों का गठन किया गया है।

संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि रविवार को प्रातः 5 बजे से रात्रि प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारा लगाया जाएगा। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक रूप में सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष लगभग 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के मंदिर में दर्शन करने और भंडारा ग्रहण करने की संभावना है।

समिति के सचिव चिमन मित्तल, निर्माण कमेटी अध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सुरेंद्र गाड़ी, महावीर शर्मा और भीष्म कौशिक सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।






