






भटनेर पोस्ट ब्यूरो.
हनुमानगढ़ कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कैंप टाऊन स्थित फूड ग्रेन धर्मशाला में 19 सितंबर से शुरू हो रहा है। पारीक ने बताया कि यह जिला स्तरीय सहयोगी प्रशिक्षण कैंप होगा जिसमें मुख्य अतिथि कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत होंगे। उनके अलावा जोन प्रभारी कमल कल्ला, संभाग प्रभारी विमल भाटी, जिला प्रभारी भीम राज जाखड़ तथा राष्ट्रीय कांग्रेस सेवादल से ट्रेनर होंगे। इसके अलावा हनुमानगढ़ कांग्रेस के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, विधायक प्रत्याशी इस कैंप में शिरकत करेंगे।

अश्विनी पारीक ने बताया कि जिले में यह कैम्प 30 साल बाद लग रहा है जो उनके जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हो रहा है, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है। सेवादल कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। इस कैंप में पदाधिकारियों को पार्टी की रीति नीति से अवगत करवाया जाएगा।

पारीक ने बताया कि आवासीय प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय स्तर के विचारक और ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान प्रतिदिन सबसे पहले सुबह ध्वज वंदन किया जाएगा ।उसके पश्चात परेड होगी और कार्यकर्ताओं को व्यायाम करवाया जाएगा। प्रतिदिन प्रशिक्षण में बौद्धिक सत्रों के माध्यम से देश और सेवादल का इतिहास झंडा संहिता मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में लोकतंत्र की प्रासंगिकता और भविष्य के लिए और अधिक सुदृढ़ होकर राष्ट्र सेवा का समर्पण विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर व्याख्यान होंगे और संगठन को सृजन करने संगठन को सुदृढ़ बनाने के संदर्भ में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। तैयारियों में अनिल तिवाड़ी, महेंद्र चतुर्वेदी धर्मेंद्र बजाज, लोकेंद्र भाटी बंसी खन्ना मौजूद रहे।






