बीजेपी की दूसरी सूची में इस नेता को मिली मजबूती

भटनेर पोस्ट पॉलिटिकल डेस्क. 

भाजपा ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची में 83 उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही राजस्थान की 200 सीटों में से पार्टी ने 124 प्रत्याशियों का एलान कर दिया। अब 76 उम्मीदवारेां का चयन बाकी है। दूसरी सूची में पार्टी ने मौजूदा 56 विधायकों को मैदान में उतारने का निर्णय किया है। साथ ही 16 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी ने चेहरों में बदलाव किया है। इसके तहत पार्टी ने आठ विधायकों के टिकट काटे हैं इनमें सूरसागर से सूर्यकांता व्यास, सांगानेर से अशोक लाहोटी, चित्तौड़गढ़ से चंद्रभान सिंह आक्या, सूरजगढ़ से सुभाष पूनिया, नागौर से मोहन राम चौधरी, मकराना से रूपाराम और बड़ी सादड़ी से ललित कुमार ओस्तवाल, घाटोल से हरेंद्र नीनामा शामिल हैं। पार्टी ने प्रताप सिंह सिंघवी, श्रीचंद कृपलानी, नरपत सिंह राजवी, ओटाराम देवासी, पुष्पेंद्र सिंह राणावत, अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, काीचरण सर्राफ, राजेंद्र राठौड़ जैसे पूर्व मंत्रियों को मैदान में उतारा है।
दूसरी लिस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे को मजबूती मिली है, ऐसा माना जा रहा है। उनके समर्थकों को ‘अभयदान’ दिया गया है। वसुंधरा राजे खुद एक बार फिर झालरापाटन से ही चुनाव लड़ेंगी जबकि नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ इस बार चूरू की बजाय तारानगर से पार्टी प्रत्याशी होंगे। वे पहले भी तारानगर से चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, उदयपुर के पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ को नाथद्वारा से टिकट दिया गया है, वे कुछ दिन पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। उनका मुकाबला विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से होगा। विद्याधरनगर से विधायक नरपत सिंह राजवी को चित्तौड़गढ़ से टिकट दिया है। वहीं राजसमंद सांसद दीया कुमार को विद्याधरनगर भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *