




भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सेफ सिटी अभियान के दूसरे दिन पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए अपराधियों और नशे के कारोबारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब नशे के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। एसपी बी. आदित्य स्वयं मोटरसाइकिल पर सवार होकर शहर की सड़कों पर उतरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद विश्नोई सहित दस सदस्यीय पुलिस दल के साथ विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस दल ने उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी, जहां नशे की गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। विभिन्न नशे के अड्डों पर दबिश देकर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर सीधे कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सहभागिता को अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने लोगों से भी नशे से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल नशे की तस्करी करने वाले ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले लोग भी पुलिस की निगरानी में रहेंगे। यदि कोई व्यक्ति पार्क, सड़क, सार्वजनिक स्थल या अन्य खुले स्थानों पर नशा करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग नशे के विरुद्ध कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीक का भी उपयोग करेगा। इसके माध्यम से जिले में नशे से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों का डिजिटल मानचित्र तैयार किया जाएगा, जिससे ऐसे स्थानों की पहचान कर योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि अभियान के तहत पहले चरण में चिन्हित लाल क्षेत्र में कार्रवाई लगभग पूरी कर ली गई है। अब अगले चरण में हरे क्षेत्र में अभियान चलाकर नशे के नेटवर्क पर और प्रभावी प्रहार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित वातावरण देना है। उनका स्पष्ट संदेश है कि ष्नशे पर वार, अपराध पर प्रहारष् की नीति के तहत जिले में नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








