






भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
शिक्षक दिवस पर सशक्त नारी संस्थान की ओर से हनुमानगढ जंक्शन स्थित नवज्योति विशेष विद्यालय में विशेष बच्चों को शिक्षा एवं जीवन-कौशल प्रदान करने वाले समर्पित शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के आठ शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सशक्त नारी संस्थान की सदस्याओं ने विशेष बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया। बच्चों से संवाद किया, उनकी रुचियों और अनुभवों को जाना तथा अपने जीवन से जुड़े अनुभव और प्रेरणादायक बातें उनके साथ साझा कीं। बच्चों के साथ बिताया गया यह समय सभी के लिए भावनात्मक होने के साथ-साथ सीख और संवेदना से भरा रहा।
सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक डॉ. मिताली अग्रवाल ने कहा कि विशेष बच्चों को शिक्षा देना केवल ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं है, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास जगाने और उन्हें समाज में सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देने की जिम्मेदारी भी है। इन बच्चों के साथ धैर्य और समर्पण से कार्य करने वाले शिक्षक वास्तव में समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। शिक्षक दिवस पर उनका सम्मान करना हमारे लिए गौरव का विषय है।

संस्था की सक्रिय सदस्य बिंदू शर्मा ने कहा कि विशेष बच्चों के साथ बिताया गया समय हम सभी के लिए एक खूबसूरत अनुभव रहा। इन बच्चों की सहजता, आत्मविश्वास और प्रतिभा यह सिखाती है कि हर बच्चे में अपनी एक विशेष क्षमता होती है। आवश्यकता है तो केवल उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने का अवसर देने की।
कार्यक्रम में नवज्योति विशेष विद्यालय के संस्थापक भीष्म कौशिक ने सशक्त नारी संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों और उनके साथ निरंतर समर्पण से कार्य करने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की संवेदनशीलता को दर्शाता है। संस्था की टीम ने बच्चों के साथ समय बिताकर जिस आत्मीयता और अपनत्व का परिचय दिया, वह निश्चित रूप से सराहनीय है।

कार्यक्रम में सचिव प्रीति गुप्ता, श्वेता बब्बर, रिंकल गर्ग, अंजली बंसल, बिंदू शर्मा एवं सुजाता सुखानी की उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सशक्त नारी संस्थान की ओर से कहा गया कि विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में शिक्षकों, परिवार और समाजकृतीनों की सामूहिक भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रयासों का उद्देश्य केवल सम्मान करना नहीं, बल्कि समाज में विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता, स्वीकार्यता और समान अवसर की भावना को मजबूत करना भी है। सशक्त नारी संस्थान ने शिक्षक दिवस के अवसर पर नवज्योति विशेष विद्यालय के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव को नमन किया।






