





भटनेर पोस्ट डेस्क
रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत की गूंज, स्वादिष्ट व्यंजनों की महक, सेल्फी के लिए उमड़ती भीड़ और डर के साथ रोमांच का अनोखा संगम… हनुमानगढ़ टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय परिसर कुछ घंटों के लिए एक जीवंत कार्निवाल में तब्दील नजर आया। छात्राओं की कल्पनाशीलता और उद्यमिता का ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला, जहां हर स्टॉल आत्मनिर्भर भारत का संदेश दे रहा था। लेकिन इन सबके बीच सबसे अधिक भीड़ जिस जगह उमड़ी, वह था छात्राओं की रचनात्मकता से तैयार किया गया ‘भूत बंगला’, जिसने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को रोमांचित कर दिया। ‘कार्निवाल सेलिब्रेशन एंड फन’ ने मनोरंजन के साथ-साथ छात्राओं की व्यावसायिक सोच, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रभावशाली संदेश भी दिया।
मुख्य अतिथि व्यापार मंडल शिक्षण समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, सचिव हरि खदरिया, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र गोयल मुंडावाला, महिला एपेक्स क्लब की संरक्षक रेनू सोंधी, सचिव पूजा जैन, वीरा ग्रुप की अध्यक्ष कंचन गुप्ता, सहयोग फाउंडेशन समिति की प्रेरणा पाहुजा, चहक गांधी, पूर्वा पाहुजा, पुलकित कॉलेज की प्रिंसिपल चन्द्रकला, वर्षा कर्मचन्दनी, डोली तेजवानी, सुरभि, वीएम बालिका स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. संजू गाड़िया तथा वीएम पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल किरण राठौड़ मौजूद थे। अतिथियों का महाविद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य एवं कार्यक्रम की संयोजक डॉ. नीलम गौड़़ ने बताया कि कार्निवाल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें यह समझाना है कि भविष्य में वे किस प्रकार अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, प्रबंधन कौशल और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने फूड स्टॉल, गेम्स स्टॉल, प्रोडक्ट्स स्टॉल, इंडोर गेम्स, ओपन डांस फ्लोर, ओपन म्यूजिक, फोटो बूथ सहित कई आकर्षक गतिविधियों का संचालन किया। इसके साथ ही छात्राओं ने जलजीरा एवं ठंडे पानी की छबील लगाकर आगंतुकों की सेवा भी की, जिसकी सभी ने सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा एक पुस्तक व इंस्टाग्राम का विमोचन भी किया गया। वहीं कार्निवाल का सबसे बड़ा आकर्षण भूत बंगला रहा, जिसे छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और कठिन परिश्रम से तैयार किया। इसकी साज-सज्जा और प्रस्तुति ने सभी आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और बच्चों सहित सभी ने इसका भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्निवाल का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, रचनात्मकता और सीखने का अनूठा संगम देखने को मिला। अंत में महाविद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प लिया।






