





भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
भटनेर किंग्स क्लब की ओर से आज 11 नवंबर को बीपीएल-7 का आगाज होगा। 15 नवंबर तक आयोजित होने वाली बीपीएल-7 की भव्य ट्रॉफी एवं प्रतियोगिता की विशेष टी-शर्ट का समारोहपूर्वक अनावरण किया गया। क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने क्लब सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से ट्रॉफी एवं टी-शर्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों एवं खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस बार बीपीएल-7 की विशेष थीम ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ रखी गई है। क्रिकेट के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
बीपीएल-7 की आकर्षक ट्रॉफी एवं विशेष टी-शर्ट का अनावरण होते ही प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और समर्थकों का उत्साह और अधिक बढ़ गया। इस बार प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर 12 टीमों की निगाहें टिकी हुई हैं। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में शहर के स्थानीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। अनावरण कार्यक्रम में क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियों पर चर्चा की। सभी टीमों के गठन के साथ ही मैदान पर रोमांचक मुकाबलों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। 15 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले में बीपीएल-7 के विजेता को प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने कहा कि भटनेर प्रीमियर लीग की पहचान हमेशा खेल के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ने की रही है। बीपीएल-7 की थीम ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ रखकर क्लब ने युवाओं को एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने, अनुशासन विकसित करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है।
कुलभूषण जिंदल ने कहा कि क्रिकेट के इस महाकुंभ के माध्यम से क्लब नशा मुक्ति के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करेगा। हमारा उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि यदि सामाजिक संगठन एकजुट होकर नशा मुक्ति अभियान में अपनी भूमिका निभाएं तो हनुमानगढ़ को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जा सकती है।
बीपीएल-7 में राज नंदा एंड करण हिमालयन टाइटंस, महक एंड खुशनीत टाइगर्स, गिल्होत्रा एंड गौरव हॉक्स, अनिल एंड प्रगट चीताज, आशीष एंड सरपंच किंग्स, इंद्र एंड सत्ती शार्क्स, लेखराज एंड कपिल स्ट्राइकर्स, विशाल एंड सोनू फायरबर्ड्स, कत्याल एंड संदीप रॉयल्स, कुलभूषण एंड हरि वॉरियर्स, सतनाम एंड ऋषभ स्मैशर्स तथा गोपाल एंड विशाल वॉरियर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। सभी टीमें खिताब हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। पांच दिनों तक क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
भटनेर प्रीमियर लीग अपनी शुरुआत से ही सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देती रही है। क्लब द्वारा पिछले छह संस्करणों में आपसी सहयोग से जुटाई गई राशि का उपयोग गोशाला में सहयोग, जरूरतमंद कन्याओं के विवाह, बीमार व्यक्तियों के उपचार और जरूरतमंद परिवारों के मकान निर्माण जैसे कार्यों में किया गया है। यही कारण है कि बीपीएल आज केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा और सामूहिक सहयोग का सशक्त मंच बन चुकी है। बीपीएल-7 में ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ की थीम इस सामाजिक प्रतिबद्धता को एक नई दिशा प्रदान करेगी।
क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने कहा कि बीपीएल-7 खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आपसी भाईचारे और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्लब के सभी सदस्य प्रतियोगिता को व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। खेल के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश देना बीपीएल की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अनावरण कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल, सतनाम सिंह, हरि चारण, कपिल गोयल, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, सतविंदर सिंह, विशाल मुदगिल, विशाल छाबड़ा, लेखराज गिरधर, महक गर्ग, राज नंदा, गौरव बेनीवाल, आशीष गौतम, प्रगट सिंह, अनिल नैन, खुशनीत सिंह, संदीप चौधरी, सोनू गजरा, मनप्रीत सिंह, इंद्र सिंधी, करण गर्ग, गोपाल राम, शुभम कत्याल और ऋषभ शर्मा सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने बीपीएल-7 को सफल बनाने तथा ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। बीपीएल-7 की ट्रॉफी एवं टी-शर्ट के अनावरण के साथ ही क्रिकेट महाकुंभ का रोमांच चरम पर पहुंचने लगा है। 12 टीमों के बीच खिताबी जंग के साथ इस बार मैदान से उठने वाली आवाज केवल चौकों-छक्कों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ‘नशा मुक्त हनुमानगढ़’ के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।







