





भटनेर पोस्ट डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले की आठ नगरीय निकायों के 290 वार्डों में पार्षद पद के लिए अब तक 593 प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। नामांकन दाखिल करने के लिए 31 अगस्त यानी आज अंतिम दिन है। ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से अधिकृत प्रत्याशियों को सिंबल दिए जाने के बाद नामांकन का आंकड़ा तेजी से बढ़ने की संभावना है। अभी तक सामने आए आंकड़ों के लिहाज से चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की संख्या अपेक्षाकृत कम मानी जा रही है। इसका प्रमुख कारण बीजेपी और कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों के नाम अंतिम रूप देने में हुई देरी बताया जा रहा है। अंतिम दिन दोनों प्रमुख दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय दावेदार भी बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल कर सकते हैं। टिकट से वंचित दावेदारों में से कुछ संभावित बागियों के भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतरने के आसार हैं। हालांकि, पार्टी स्तर पर संभावित बगावत को रोकने और दावेदारों की समझाइश का दौर जारी है।
जिले की आठ नगरीय निकायों में अब तक दाखिल नामांकन के आंकड़ों में रावतसर सबसे आगे है। रावतसर के 35 वार्डों में 113 प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुके हैं। भादरा के 40 वार्डों में 94, संगरिया के 35 वार्डों में 93 और पीलीबंगा के 35 वार्डों में 81 प्रत्याशी मैदान में हैं।

इसी तरह हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में 89, नोहर के 40 वार्डों में 70 और टिब्बी के 20 वार्डों में 44 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। गोलूवाला के 25 वार्डों में अब तक सबसे कम केवल 9 प्रत्याशी मैदान में आए हैं। कुल मिलाकर 290 वार्डों में 593 प्रत्याशियों के नामांकन सामने आए हैं।
हनुमानगढ़ नगर परिषद के चुनाव इस बार खासे दिलचस्प नजर आ रहे हैं। यहां अधिकांश वार्डों में पारंपरिक बीजेपी-कांग्रेस के सीधे मुकाबले के बजाय पहली बार तीन राजनीतिक गुटों के बीच मुकाबले के आसार बन रहे हैं। निर्दलीय विधायक के राजनीतिक रुख के चलते नगर परिषद के 60 वार्डों में बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय विधायक समर्थित प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने की संभावना है। तीनों गुटों के प्रत्याशियों के मैदान में आने के बाद चुनावी समीकरण और ज्यादा स्पष्ट होंगे। वहीं टिकट नहीं मिलने वाले दावेदार यदि निर्दलीय मैदान में उतरते हैं तो कई वार्डों में मुकाबला तिकोने से आगे बढ़कर बहुकोणीय भी हो सकता है।

नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को सबसे ज्यादा नामांकन दाखिल होने की संभावना है। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों को सिंबल दिए जाने के बाद अब तक चुनावी तस्वीर से बाहर रहे कई दावेदार भी औपचारिक रूप से मैदान में उतरेंगे। अंतिम दिन संभावित भीड़ और बढ़ती चुनावी गतिविधियों को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। अब राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय दावेदारों की सक्रियता पर भी नजर रहेगी।
31 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर 2026, मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 3 सितंबर, गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 सितंबर, शुक्रवार को अंतिम प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

इसके साथ ही जिले की आठों नगरीय निकायों में चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर साफ हो जाएगी। जिले में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 9 सितंबर 2026 को नोहर के 40, भादरा के 40, संगरिया के 35, टिब्बी के 20 और रावतसर के 35 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। दूसरे चरण में 11 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इस चरण में हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60, गोलूवाला के 25 और पीलीबंगा के 35 वार्डों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
दोनों चरणों में मतदान के बाद 14 सितंबर, सोमवार को मतगणना होगी। फिलहाल 593 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, लेकिन नामांकन के अंतिम दिन बीजेपी-कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों और संभावित बागियों के उतरने के बाद यह संख्या काफी बढ़ने की संभावना है।
अब सभी की नजरें 31 अगस्त के अंतिम नामांकन, इसके बाद होने वाली नाम वापसी और 4 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटन पर टिकी हैं। इन्हीं प्रक्रियाओं के बाद जिले की आठों नगरीय निकायों में चुनावी मुकाबले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।






